उत्तर बंगाल में खुलेंगे करीब 50 नए थाने और पुलिस चौकियां, नेपाल-बांग्लादेश और भूटान की सीमाओं पर बढ़ेगी निगरानी
उत्तर बंगाल की रणनीतिक और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था का विस्तार कर रही है।

उत्तर बंगाल में 50 नए थाने और चौकियां खुलेंगी।
HighLights
उत्तर बंगाल में 50 नए थाने और चौकियां खुलेंगी।
नेपाल, बांग्लादेश, भूटान सीमाओं पर निगरानी बढ़ेगी।
एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। उत्तर बंगाल की सामरिक और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था के विस्तार की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत उत्तर बंगाल के नौ पुलिस जिलों में नए थाने और पुलिस चौकियां स्थापित करने की योजना है। पुलिस आउटपोस्ट को थानों में अपग्रेड किया जाएगा। इसके साथ ही निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए एआइ आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी योजना है।
उत्तर बंगाल की सीमाएं नेपाल, बांग्लादेश और भूटान जैसे तीन देशों से लगती हैं। इसके अलावा यह क्षेत्र बिहार, असम और सिक्किम से भी जुड़ा है। देश के अन्य हिस्सों को पूर्वोत्तर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण चिकन नेक कारिडोर भी इसी क्षेत्र से गुजरता है। ऐसे में सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से यहां पुलिस व्यवस्था का विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बेहतर निगरानी और प्रशासनिक संचालन के लिए उत्तर बंगाल की पुलिस व्यवस्था को चार रेंज में बांटा गया है। जलपाईगुड़ी रेंज में जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिला पुलिस शामिल हैं। दार्जिलिंग रेंज में दार्जिलिंग और कालिम्पोंग, मालदा रेंज में मालदा और दक्षिण दिनाजपुर तथा रायगंज रेंज में रायगंज और इस्लामपुर पुलिस जिले आते हैं।
इन सभी पुलिस जिलों में वर्तमान में 100 से अधिक थाने हैं। करीब 50 नए थानों और पुलिस आउटपोस्ट से पुलिस नेटवर्क का और विस्तार होगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अलीपुरद्वार जिले के बारोबिशा और हासीमारा में दो नए थाने प्रस्तावित हैं। जिले में सात नए पुलिस आउटपोस्ट के निर्माण को लेकर अधिसूचना जारी की जा चुकी है।
जलपाईगुड़ी जिले के क्रांति और बेरूबाड़ी में भी नए थाने बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। दक्षिण दिनाजपुर पुलिस जिले में दो नए थाने प्रस्तावित हैं। वहीं, इस्लामपुर पुलिस जिले के दासपाड़ा, रामगंज, पांजीपाड़ा और कानकी में मौजूदा पुलिस आउटपोस्ट को अपग्रेड कर थाने का दर्जा देने की योजना है।
हर जिले में मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था: बिशाल लामा
राज्य के गृह एवं पर्वतीय मामलों के मंत्री बिशाल लामा ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं पुलिस मंत्री हैं। उनके निर्देशानुसार उत्तर बंगाल के सभी जिलों में करीब 50 नए थाने और पुलिस आउटपोस्ट स्थापित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा के साथ देशहित को प्राथमिकता देते हुए पुलिस व्यवस्था को सशक्त बनाया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि कुछ दिन पहले राजाभातखावा में नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया गया है। चोआपाड़ा और पसाका में भी नई पुलिस चौकियों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
