मुख्यमंत्री के रहते राज्य में कोई निवेश नहीं करेगा: सूर्यकांत
- पकौड़ा बनाने वाले पीएम और सीएम की जरूरत नहीं -मोदी के साथ हुई है दीदी की सेटिंग : सलीम
- पकौड़ा बनाने वाले पीएम और सीएम की जरूरत नहीं
-मोदी के साथ हुई है दीदी की सेटिंग : सलीम
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : माकपा के राज्य सचिव सूर्यकांत मिश्रा ने साफ किया कि बुद्धदेव भंट्टाचार्य की औद्योगिक नीति गलत नहीं थी। सरकार सिंगुर में उद्योग लगाना चाहती थी। पूरा राज्य में पार्टी उद्योग लगाने के पक्ष में है। युवकों को रोजगार देने के लिए उद्योग जरूरी है। मिश्रा ने रविवार को ब्रिगेड रैली को संबोधित करते हुए यह बातें कही। उन्होंने ममता का नाम नहीं लेते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री रहते राज्य में कोई एक पैसा का निवेश नहीं करेगा। चप-पकौड़ा का कारोबार चलाने की बात कहने वाले प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जरूरत नहीं है। देश से प्रधानमंत्री और राज्य से मुख्यमंत्री को हटाना होगा। केंद्र की सत्ता से प्रधानमंत्री को हटाने के बाद राज्य से मुख्यमंत्री को हटाना आसान हो जाएगा। मिश्रा ने कहा उनकी पार्टी रोजगार और किसानों के लिए फसल की उचित कीमत आदि की मांग के लिए आंदोलन कर रही है। बंगाल जब तक सभी जगह लाल झंडा नहीं दिखेगा तब तक देश में आंदोलन आगे नहीं बढ़ेगा। मिश्रा ने कहा कि चार वर्ष पहले वाममोर्चा ने ही सबसे पहले भाजपा हटाओ देश बचाओ का नारा दिया था। आज भी मुख्यमंत्री पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रशंसा करते नहीं थकती हैं। वाजपेयी मंत्रिमंडल के मंत्री यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी और शत्रुघ्न सिन्हा को मुख्यमंत्री ने ब्रिगेड रैली में बुलाया था।
माकपा सांसद मोहम्मद सलीम ने कहा कि भाजपा और तृणमूल में साठगांठ है। दीदी भाई और मोदी भाई कहने से ही लोग इसका अर्थ समझ जाते हैं। उन्होंने कहा कि लाल झंडा का अंत जब हिटलर नहीं कर सका तो मोदी और ममता क्या कर सकते हैं। सत्ता में बने रहने के लिए दादा यानी मोदी के साथ दीदी की सेटिंग हो गई है।