विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल को 1 लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात, गडकरी बोले- 5 साल में अमेरिका जैसी होंगी सड़कें

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:12 PM (IST)

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बंगाल के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। 

बंगाल में 1 लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं का एलान (फोटो-@nitin_gadkari/x)

बंगाल में 1 लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं का एलान (फोटो-@nitin_gadkari/x)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अगले पांच वर्षों में बंगाल की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम में यह भरोसा दिलाते हुए राज्य में एक लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बंगाल के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

गडकरी ने राज्य में पहले से चल रही 35 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। कोलकाता में रिंग रोड के निर्माण के लिए 14 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पड़ोसी राज्यों के साथ संपर्क बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर गडकरी ने बंगाल में 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया। इनमें पूर्व मेदिनीपुर सहित विभिन्न जिलों में कई सेतु का निर्माण भी प्रस्तावित है।

गडकरी ने कहा कि सड़कें बेहतर होने से कारोबार बढ़ेगा, नए टाउनशिप विकसित होंगे और पूंजी निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने बंगाल के विकास के लिए जितनी जरूरत होगी, उतना धन देने का आश्वासन दिया। गडकरी ने राज्य में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं के पहले ही पूरा होने और करीब 450 किलोमीटर लंबी 35 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम जारी होने की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इन घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। इसके तहत जमीन उपलब्ध कराने और आवश्यक मंजूरियों की प्रक्रिया तेज करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बंगाल में भी बनें ऐसी सड़कें, जिन पर उतर सकें लड़ाकू विमान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु ने असम के डिब्रूगढ़ स्थित मोरान बाइपास पर राफेल लड़ाकू विमान की सफल लैंडिंग का उदाहरण देते हुए गडकरी से बंगाल में भी इसी तरह की सड़कों के निर्माण की मांग की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि राज्य में बनने वाली नई और विस्तारित सड़कों का बुनियादी ढांचा ऐसा हो, जिस पर जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान भी उतर सकें।

इस वर्ष फरवरी में असम के मोरान बाइपास पर भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमान की सफल लैंडिंग हुई थी। यह सड़क आपात स्थिति में लड़ाकू विमानों के संचालन के लिए तैयार किए गए विशेष राजमार्ग ढांचे का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उत्तर बंगाल की सामरिक महत्ता को देखते हुए इस दिशा में काम करने का आग्रह किया। सिलीगुड़ी कारिडोर पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण गलियारा है। चीन, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सीमाओं के निकट स्थित होने के कारण इस क्षेत्र में सड़क संपर्क और सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना महत्वपूर्ण माना जाता है।

सिलीगुड़ी में 116 किलोमीटर के रिंग रोड की भी घोषणा

कार्यक्रम में सिलीगुड़ी में 116 किलोमीटर लंबे रिंग रोड की भी घोषणा की गई। इससे उत्तर बंगाल में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के साथ क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल में सड़क परियोजनाओं को गति देने और राज्य में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

गडकरी पहले भी अमेरिका के बराबर सड़क बनाने की कही है बात

बताते चलें कि गडकरी ने इससे पहले भी देश की सड़क व्यवस्था को अमेरिका के बराबर बनाने का लक्ष्य रखा था। वर्ष 2023 में उन्होंने कहा था कि 2024 के अंत तक भारत का सड़क बुनियादी ढांचा अमेरिका के समान होगा। हालांकि, उस समय उनका बयान पूरे देश के संदर्भ में था।

इससे पहले 2022 में उन्होंने मध्य प्रदेश की सड़कों को अगले पांच वर्षों में अमेरिका जैसी बनाने की बात कही थी। अब बंगाल के संदर्भ में भी उन्होंने अगले पांच वर्षों में ऐसी सड़कों का भरोसा दिलाया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।