बंगाल को नितिन गडकरी ने दी 1 लाख करोड़ की सौगात, कोलकाता में 14 हजार करोड़ की लागत से बनेगी रिंग रोड
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बंगाल के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की, जिसमें कोलकाता में 14 हजार करोड़ रुपये की रिंग रोड भी शामिल है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और सीएम शुभेंदु अधिकारी
HighLights
बंगाल में 1 लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाएं घोषित।
कोलकाता में 14 हजार करोड़ की लागत से रिंग रोड बनेगी।
मुख्यमंत्री ने लड़ाकू विमान लैंडिंग योग्य सड़कों की मांग की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की।
इसके अलावा राज्य में पहले से चल रही 35 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। कोलकाता में रिंग रोड के लिए 14 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पड़ोसी राज्यों के साथ संपर्क बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर गडकरी ने बंगाल में 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इनमें पूर्व मेदिनीपुर सहित विभिन्न जिलों में कई सेतु का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसका शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु ने इन घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। इसके तहत जमीन उपलब्ध कराने और आवश्यक मंजूरियों की प्रक्रिया तेज करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बंगाल में भी बनें ऐसी सड़कें, जिन पर उतर सकें लड़ाकू विमान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने असम के डिब्रूगढ़ स्थित मोरान बाइपास पर राफेल लड़ाकू विमान की सफल लैंडिंग का उदाहरण देते हुए बंगाल में भी इसी तरह की सड़कों के निर्माण की मांग की।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी से आग्रह किया कि राज्य में बनने वाली नई और विस्तारित सड़कों का बुनियादी ढांचा ऐसा हो, जिस पर जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान भी उतर सकें।
इस वर्ष फरवरी में असम के मोरान बाइपास पर भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमान की सफल लैंडिंग हुई थी। यह सड़क आपात स्थिति में लड़ाकू विमानों के संचालन के लिए तैयार किए गए विशेष राजमार्ग ढांचे का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उत्तर बंगाल की सामरिक महत्ता को देखते हुए इस दिशा में काम करने का आग्रह किया। सिलीगुड़ी कारिडोर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण गलियारा है।
चीन, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सीमाओं के निकट स्थित होने के कारण इस क्षेत्र में सड़क संपर्क और सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना महत्वपूर्ण माना जाता है।

सिलीगुड़ी में 116 किलोमीटर के रिंग रोड की भी घोषणा
कार्यक्रम में सिलीगुड़ी में 116 किलोमीटर लंबे रिंग रोड की भी घोषणा की गई। इससे उत्तर बंगाल में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के साथ क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल में सड़क परियोजनाओं को गति देने और राज्य में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। घोषित परियोजनाओं से सड़क संपर्क, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।