बंगाल में सबसे बड़ी दीपावली की तैयारी, कोलकाता के न्यूटाउन में जलेंगे 1.11 लाख दीप
न्यूटाउन, कोलकाता में इस बार बड़े पैमाने पर कालीपूजा और दीपावली का आयोजन हो रहा है, जिसमें 1.11 लाख दीप जलाए जाएंगे।

कोलकाता के न्यूटाउन में 1.11 लाख दीप जलेंगे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार कालीपूजा और दीपावली का आयोजन बड़े पैमाने पर होने जा रहा है। इस बार कोलकाता से सटे उपनगरीय इलाके न्यूटाउन में विशेष आकर्षण रहेगा।
न्यूटाउन सनातनी दुर्गापूजा कमेटी की ओर से आठ और नौ नवंबर को न्यूटाउन मेला प्रांगण में भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें एक लाख 11 हजार 111 दीप जलाने की तैयारी है। आयोजकों ने इसे बंगाल की सबसे बड़ी दीपावली बताया है।
बता दें कि दुर्गापूजा के दौरान चोरबागान में हुई भगदड़ की घटना के बाद प्रशासन कालीपूजा के सुरक्षित आयोजन को लेकर सतर्क है। वहीं, न्यूटाउन का यह आयोजन धार्मिक-सांस्कृतिक के साथ राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा में है।
कमेटी के आयोजकों का आरोप रहा है कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के कार्यकाल में उसके नाम में 'सनातनी' शब्द होने के कारण दुर्गापूजा आयोजन में बाधाएं आई थीं। इसके लिए उन्हें कलकत्ता हाई कोर्ट तक जाना पड़ा था। सीएम शुभेंदु अधिकारी शुरुआत से कमेटी के साथ जुड़े रहे हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद इसी कमेटी ने इस वर्ष भव्य दुर्गापूजा आयोजित की थी।
आयोजक वरुण विश्वास के अनुसार, आठ नवंबर को विधि-विधान से कालीपूजा होगी, जबकि नौ नवंबर को आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें पर्यावरण अनुकूल पटाखों का इस्तेमाल होगा। दोनों दिन मेला प्रांगण को दीपों और रोशनी से सजाया जाएगा।
विश्वास ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर इस आयोजन की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। कई अन्य विशिष्ट लोगों के भी शामिल होने की संभावना है। आयोजकों का दावा है कि एक साथ इतने दीप जलाने का आयोजन बंगाल में पहली बार हो रहा है।