हिंद महासागर की गहराई में मिली शार्क की नई प्रजाति, ZSI निदेशक की बेटी 'रोइनी' के नाम पर रखा गया नाम
भारतीय समुद्री क्षेत्र में शार्क की एक नई प्रजाति 'इंडियन ब्रैम्बल शार्क' (इकिनोराइनस रोइनी) की पहचान हुई है, जिसे दशकों से अटलांटिक प्रजाति समझा जा रहा था।

हिंद महासागर में मिली शार्क की नई प्रजाति।
HighLights
हिंद महासागर में शार्क की नई प्रजाति की पहचान हुई।
इसे वैज्ञानिक नाम 'इकिनोराइनस रोइनी' दिया गया है।
जेडएसआई और सीएमएफआरआई वैज्ञानिकों ने इसकी पुष्टि की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। हिंद महासागर की गहराइयों में शार्क मछली की एक नई प्रजाति की पहचान हुई है। भारतीय समुद्री क्षेत्र में दशकों से जिस शार्क को अटलांटिक महासागर में पाई जाने वाली प्रजाति समझा जा रहा था, वह वास्तव में एक अलग प्रजाति निकली है।
भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जेडएसआई) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केंद्रीय समुद्री मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान (सीएमएफआरआई) के वैज्ञानिकों ने इसकी पुष्टि की है। इसे 'इंडियन ब्रैम्बल शार्क' नाम दिया गया है। इसका वैज्ञानिक नाम 'इकिनोराइनस रोइनी' रखा गया है।
किसके नाम पर रखा गया रोइनी नाम?
जेडएसआई ने गुरुवार को एक बयान जारी कर इस नई प्रजाति की पहचान की घोषणा की, जिसका मुख्यालय कोलकाता में ही है। इससे संबंधित शोध 'रिकार्ड्स आफ द जेडएसआई' के वर्ष 2026 के खंड 126, अंक 1एस में प्रकाशित हुआ है। इसका वैज्ञानिक नाम 'रोइनी' जेडएसआई की निदेशक डॉ. धृति बनर्जी की बेटी रोइनी के नाम पर रखा गया है।

जेडएसआई के वैज्ञानिकों के अनुसार, यह खोज हिंद महासागर की गहरे समुद्र की जैव विविधता को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस प्रजाति के नमूने केरल के कोल्लम स्थित शक्तिकुलंगरा मछली पकड़ने के बंदरगाह पर मिले थे। गहरे समुद्र में झींगा पकड़ने वाले ट्रालर के जाल में ये शार्क अन्य मछलियों के साथ फंसकर पहुंची थीं।

वैज्ञानिकों ने इनके शारीरिक लक्षणों और आनुवंशिक संरचना का अध्ययन किया। यह शार्क समुद्र में 350 से 450 मीटर की गहराई में रहती है और इसकी लंबाई तीन मीटर तक हो सकती है।
गहरे भूरे से काले रंग की होती है यह मछली
इसका शरीर गहरे भूरे से काले रंग का होता है। शरीर पर कांटों जैसी बड़ी उभरी हुई संरचनाएं होती हैं, जो उम्र बढ़ने के साथ कई नुकीले हिस्सों वाली प्लेटों का रूप ले लेती हैं। वैज्ञानिकों ने माइटोकान्ड्रियल डीएनए बारकोडिंग के जरिए इसकी आनुवंशिक संरचना की जांच की।
-1794474046410.webp)
इसमें पता चला कि यह अटलांटिक ब्रैम्बल शार्क और प्रशांत महासागर में पाई जाने वाली प्रिकली शार्क से अलग प्रजाति है। इसकी पहचान बड़ी आंखों, बड़े पेल्विक फिन और थूथन से गलफड़ों तक के अपेक्षाकृत लंबे हिस्से के आधार पर भी की गई है। आनुवंशिक रूप से मिलते-जुलते नमूनों से संकेत मिला है कि इसका विस्तार ओमान, श्रीलंका और थाईलैंड के समुद्री क्षेत्रों तक भी है।
समुद्री जीवों के संरक्षण में मिलेगी मदद
जेडएसआई की निदेशक डॉ. धृति बनर्जी ने कहा कि दशकों से भारतीय समुद्री क्षेत्र में मिलने वाली इस शार्क को अटलांटिक महासागर की प्रजाति माना जाता रहा था, लेकिन शारीरिक माप और डीएनए जांच से इसकी अलग पहचान सामने आई है।

उन्होंने कहा कि समुद्र की गहराइयों में जैव विविधता के कई ऐसे पहलू अब भी हैं, जिनकी सही पहचान होना बाकी है। भारत के दक्षिण-पश्चिमी समुद्री तट पर गहरे समुद्र में मछली पकड़ने वाले ट्रालर और लान्गलाइन के जाल में यह शार्क बड़ी संख्या में अनायास फंसती रही है।
अब तक इनके आंकड़े अटलांटिक प्रजाति के नाम से दर्ज किए जा रहे थे। नई पहचान से इस प्रजाति की वास्तविक आबादी, उसके सामने मौजूद खतरों और संरक्षण की जरूरतों का सही आकलन करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: भूटान के जहरीले पानी ने छीना निवाला, संकोश और घोलानी नदी में हजारों मछलियों की मौत; सैकड़ों मछुआरे बेरोजगार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।