मां-बाप पर नवजात बच्ची की हत्या कर दफनाने का आरोप
15 दिन पहले ही हुआ था बच्ची के जन्म, संदिग्ध हालत में मौत के बाद चुपके से तालाब किनारे दफनाने का आरोप
जागरण संवाददाता, कोलकाता । दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर थानांतर्गत दक्षिण बारासात के उत्तर कालिकापुर गांव में मंडल दंपती द्वारा कन्या संतान होने पर लापरवाही बरतने के चलते मौत होने के बाद चुपके से शव जमीन में गाड़ देने का मामला सामने आया है। इसका खुलासा होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव जमीन से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
हालांकि घटना के बाद से आरोपित फरार हैं। जानकारी के मुताबिक उत्तर कालिकापुर निवासी संजय मंडल अपनी पत्नी माधवी के साथ रहता था। डेढ़ साल पहले माधवी ने एक कन्या संतान को जन्म दिया। इसके कुछ समय बाद वह दोबारा गर्भवती हुई और 15 दिन पहले फिर से एक और बेटी को जन्म दिया। पर इस बार पूरा परिवार खुशियां मनाने के बजाय काफी दुखी दिख रहा था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कन्या संतान के जन्म के बाद से ही मंडल दंपती उसे नजरअंदाज कर रहा था। इस कारण नवजात को सर्दी, खांसी और बुखार होने के चलते निमोनिया हो गया। बावजूद इसके मंडल दंपती बच्ची को अस्पताल नहीं ले गया। इस कारण नन्हीं जान ने दम तोड़ दिया।
गुरुवार तड़के मंडल दंपती से बिना किसी को सूचित किए चुपके से शव को तालाब किनारे दफना दिया। पर दोपहर होते-होते शव से दुर्गध आने लगी। वहीं बच्ची की रोने की आवाज भी नहीं सुनाई दी, तो लोगों को संदेह हुआ। उन लोगों ने संजय और माधवी से बच्ची के बारे में पूछा, तो ने सोने का बहाना बना कर चले गए। पर उनकी हरकतों से लोगों को संदेह हुआ और उन लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को जमीन से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने माधवी-संजय पर जानबूझ कर बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस मामला दर्ज कर पड़ताल शुरु कर दी है।