विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाथुला में सीजन की पहली बर्फबारी: भारत-चीन सीमा पर बिछी सफेद चादर, सिक्किम के 5 जिलों में येलो अलर्ट; ठंड बढ़ी

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:50 PM (IST)

पूर्वी सिक्किम के नाथुला दर्रे में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया और ठंड बढ़ गई।

नाथुला ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर।

नाथुला ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर।

HighLights

  1. पूर्वी सिक्किम के नाथुला दर्रे में हुई ताजा बर्फबारी।

  2. राज्य के पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश।

  3. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से बढ़ी कड़ाके की ठंड।

जागरण संवाददाता, गंगटोक। सिक्किम के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को मौसम ने करवट ली। भारत-चीन सीमा से सटे पूर्वी सिक्किम के नाथुला दर्रे में ताजा बर्फबारी हुई। इससे पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के बाद यहां का नजारा आकर्षक हो गया है।

दूसरी ओर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के गंगटोक स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी।

मौसम विभाग की ओर से 11 नवंबर को दोपहर तीन बजे जारी तत्काल मौसम चेतावनी के अनुसार, मंगन, गंगटोक, पाक्योंग, गेजिंग और सोरेंग जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी। इस दौरान बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई थी। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। मौसम में आए बदलाव से इन जिलों में ठंड बढ़ गई है। विभाग ने संबंधित पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया था।

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 11 नवंबर से 12 नवंबर सुबह 8:30 बजे तक उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

हालांकि, 12 से 18 नवंबर तक उत्तर बंगाल के सभी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

नाथुला और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद सर्दी का असर बढ़ने लगा है। वहीं, अगले कुछ दिनों में उत्तर बंगाल के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना पर लोगों की नजर रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।