विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: नंदीग्राम-रेजीनगर में कड़े सुरक्षा घेरे में चल रहा मतदान, सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा की पहली बड़ी परीक्षा

Published: Tue, 06 Oct 2026 09:40 AM (IST)

बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गया, जिसमें केंद्रीय बलों की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।

बंगाल के नंदीग्राम-रेजीनगर में कड़े सुरक्षा घेरे में चल रहा मतदान(फोटो: एएनआई)

बंगाल के नंदीग्राम-रेजीनगर में कड़े सुरक्षा घेरे में चल रहा मतदान(फोटो: एएनआई)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर मंगलवार सुबह सात बजे से उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। दोनों सीटों पर शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए 71 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। इनमें नंदीग्राम में 37 और रेजीनगर में 34 कंपनियां हैं। दोनों सीटों पर मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।

नंदीग्राम में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ का मुकाबला कांग्रेस के मिलन प्रधान, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल धड़े के मोहम्मद एतेशामुल हक और भाकपा के शांतिगोपाल गिरि से है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी संचिता प्रधान डे ने अंतिम समय में नामांकन वापस ले लिया था।

इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन दिया है। नंदीग्राम में करीब 2.67 लाख मतदाता हैं और 323 बूथों पर मतदान हो रहा है।

नंदीग्राम में सीएम शुभेंदु की अग्निपरीक्षा

नंदीग्राम का उपचुनाव मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी।

मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम से इस्तीफा दिया, जिसके कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। भाजपा के सामने अब इस सीट पर जीत के साथ अपना प्रभाव और जीत का अंतर बनाए रखने की चुनौती है।

रेजीनगर में भी बहुकोणीय मुकाबला है। यहां भाजपा ने मुर्शिदाबाद के पूर्व जिलाध्यक्ष सखराव सरकार को, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल धड़े ने रबीउल आलम चौधरी को, दूसरे तृणमूल धड़े ने सफीउज्जमान शेख को, कांग्रेस ने मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी को और माकपा ने सैयद असद अली को मैदान में उतारा है।

आम जनता उन्नयन पार्टी ने अपने प्रमुख हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को प्रत्याशी बनाया है। रेजीनगर में करीब 2.57 लाख मतदाता हैं।

रेजीनगर में मतदान शुरू होने के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन्हें रेजीनगर स्थित पार्टी कार्यालय से थाने ले जाया गया। इस घटनाक्रम से मतदान के बीच राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।

दोनों सीटों का परिणाम नई सरकार के लिए शुरुआती राजनीतिक जनमत की तरह देखा जा रहा है। नंदीग्राम में भाजपा के सामने अपनी मजबूत पकड़ साबित करने की चुनौती है, जबकि अल्पसंख्यक बहुल रेजीनगर में उसे अपने परंपरागत आधार से बाहर समर्थन जुटाने की परीक्षा देनी है।

यह भी पढ़ें- Bypolls 2026 Live Updates: मुर्शिदाबाद में हिरासत में लिए गए हुमायूं कबीर, बंगाल-तमिलनाडु और पुडुचेरी में 5 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी