नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव के लिए थमा प्रचार का शोर, 6 अक्टूबर को होगा मतदान
नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार शाम चुनाव प्रचार थम गया, जहां 6 अक्टूबर को मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी।

नंदीग्राम, रेजीनगर उपचुनाव के लिए रविवार शाम प्रचार समाप्त
HighLights
नंदीग्राम, रेजीनगर उपचुनाव के लिए रविवार शाम प्रचार समाप्त
6 अक्टूबर को मतदान, 9 अक्टूबर को मतगणना होगी
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की दो विधानसभा सीटों- नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव के लिए रविवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया।
दोनों सीटों पर छह अक्टूबर, मंगलवार को मतदान होगा जबिक नौ अक्टूबर को मतगणना होगी। प्रचार के आखिरी दिन सत्तारूढ़ भाजपा सहित विपक्षी दलों ने दोनों सीटों के लिए पूरा जोर लगाते हुए जमकर प्रचार किया।
नंदीग्राम-रेजीनगर उपचुनाव के लिए प्रचार थमा
प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर की हाईप्रोफाइल नंदीग्राम सीट से भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के समर्थन में एक बार फिर प्रचार के लिए मैदान में उतरे।
मुख्यमंत्री ने हासिरानी के समर्थन में टेंगुआ मोड़ से नंदीग्राम अस्पताल मोड़ तक करीब तीन किलोमीटर लंबी पदयात्रा का नेतृत्व किया और इसके बाद जनसभा को भी संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने 2021 में नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पैर में चोट को लेकर उन पर अपना हमला जारी रखा। शुभेंदु ने दावा किया कि ममता ने पैर टूटने का नाटक किया था।
क्यों खाली हुई थी नंदीग्राम सीट?
नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु के इस्तीफे के चलते उपचुनाव हो रहा है। शुभेंदु ने अप्रैल में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में इस बार दो सीटों- नंदीग्राम के अलावा कोलकाता की भवानीपुर से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने नंदीग्राम से इस्तीफ दे दिया था, जबिक भवानीपुर सीट बरकरार रखी है।
वहीं, मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट पर आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के चलते उपचुनाव हो रहा है। कबीर ने भी दो सीटों रेजीनगर और नाउदा से जीत दर्ज की थी।
बाद में उन्होंने रेजीनगर से इस्तीफा दे दिया था। नंदीग्राम से भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सचिव रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद छह अप्रैल को हत्या कर दी गई थी।
वहीं, ममता बनर्जी ने नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन दिया है। दरअसल उनकी पार्टी प्रत्याशी संचिता प्रधान दे ने हाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु से मुलाकात के बाद चुनाव मैदान से अपना नाम वापस ले लिया था।
