विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव के बाद भड़की हिंसा, कई घायल

Published: Fri, 27 Mar 2026 09:00 PM (IST)

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव के बाद हिंसा भड़क उठी। रघुनाथगंज के फूलतला इलाके ...और पढ़ें

घटना बांग्लादेश की सीमा से सटे मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर अनुमंडल के रघुनाथगंज थाना इलाके की है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

घटना बांग्लादेश की सीमा से सटे मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर अनुमंडल के रघुनाथगंज थाना इलाके की है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच बंगाल में इस बार भी रामनवमी की शोभायात्रा पर शुक्रवार को पथराव की घटना के बाद हिंसा भड़क उठी। घटना बांग्लादेश की सीमा से सटे मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर अनुमंडल के रघुनाथगंज थाना इलाके की है।

रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव के बाद वहां दो समुदायों के बीच हिंसक संघर्ष में एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विशाल पुलिस वाहिनी व रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) के साथ केंद्रीय बल तक को उतारना पड़ा। घटना रघुनाथगंज के फूलतला इलाके की है। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया।

लाठी-डंडों से हमला

भाजपा का आरोप है कि जब उसकी रामनवमी शोभायात्रा फूलतला मोड़ से गुजर रही थी तभी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उसपर अचानक ईंट व पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। दूसरी ओर, मुस्लिम समुदाय का कहना है कि शोभायात्रा में शामिल लोगों में से पहले हमला किया गया। जिसके बाद संघर्ष शुरू हो गया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी के साथ लाठी-डंडों से हमला किया गया।

भाजपा का दावा है कि हमले में उसके 10-12 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुस्लिम समुदाय के युवकों पर कई दुकानों में तोड़फोड़ व आगजनी का भी आरोप है। घटना की खबर मिलते ही खुद मुर्शिदाबाद रेंज के डीआईजी अजय सिंह यादव भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि स्थित फिलहाल नियंत्रण में है।

घटना से इलाके में व्यापक तनाव, कई गिरफ्तार

डीआईजी ने बताया कि घटना के सिलसिले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि इसकी संख्या फिलहाल उन्होंने नहीं बताई। घटना से इलाके में व्यापक तनाव है। हिंसा के बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों को पकड़ने के लिए पुलिस इलाके में गहन तलाशी अभियान चला रही है। घटना के कारणों की जांच के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रामनवमी पर बंगाल में पहले भी हो चुकी है हिंसा

मालूम हो कि रामनवमी शोभायात्रा को केंद्र कर बंगाल के विभिन्न हिस्सों में पहले भी हिंसा की घटनाएं सामने आती रही है। साल 2024 में हावड़ा शहर के शिवपुर इलाके में रामनवमी शोभायात्रा पर पथराव के बाद भारी हिंसा हुई थी, जिसकी एनआईए जांच कर रही है। हुगली जिले में भी हिंसा हुई थी।

मुर्शिदाबाद में पिछले साल हुई थी जबरदस्त हिंसा

वहीं, मुर्शिदाबाद जिले में पिछले साल मार्च में केंद्र के नए वक्फ बिल के खिलाफ आंदोलन के दौरान जबरदस्त हिंसा भड़की थी। इस दौरान शमशेरगंज इलाके में उपद्रवियों ने दो लोगों (पिता-पुत्र) की निर्मम तरीके से हत्या कर दी थी। हिंसा से बड़ी संख्या में हिंदू परिवार प्रभावित हुए थे।

इसके बाद कुछ माह पहले झारखंड में एक बंगाली प्रवासी श्रमिक की हत्या की घटना के बाद मुर्शिदाबाद के बेलडांगा इलाके में जबरदस्त हिंसा हुई थी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने दो दिनों तक राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाधित कर दिया था।

यह भी पढ़ें- बंगाल: एसआईआर सूची से हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश का नाम गायब, प्रक्रिया पर उठाए सवाल