ममता के निर्देश पर पुलिस ने गायब किया शव : मुकुल
एनआरएस अस्पताल परिसर से पार्टी कार्यकर्ता स्वरूप गोराई के शव के गायब होने पर भाजपा नेता मुकुल राय ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। महानगर स्थित एनआरएस अस्पताल परिसर से पार्टी कार्यकर्ता स्वरूप गोराई के शव के गायब होने पर भाजपा नेता मुकुल राय ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि ममता के निर्देश ही पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ता के शव को गायब किया है। ऐसे में पार्टी अब न्याय को हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि इस सरकार ने सारी हद पार कर दी है और वर्तमान में यहां पुलिस राज चल रहा है। हर दिन लोकतंत्र की हत्या हो रही है।
हालात इतने खराब है कि व्यक्ति की मौत के बाद उसके शव को परिवार को सौंपने के बजाए उसे गायब कराया जा रहा है और ये काम खुद पुलिस कर रही है और वो भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर। वहीं उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में अराजकता का माहौल है, लेकिन इतना कुछ होने के बावजूद ममता अपनी विफलता को स्वीकार नहीं कर रही हैं। उन्हें तो अविलंब इस्तीफा देना चाहिए।
वहीं पार्टी नेता अनुपम हाजरा ने कहा कि पुलिस खुद कानून का माखौल उड़ा रही है और न्याय की आस लगाए पीडि़तों के साथ जिस तरह का रवैया पुलिस कर रही है उसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि नानूर कांड के पीडि़त के शव को उनके परिजनों को सौंपने के बजाय उसे पुलिस ने गायब कर दिया है। ऐसे में उक्त मामले की लिखित शिकायत अस्पताल अधीक्षक से की गई है और आगे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।