West Bengal : मास्क नहीं पहनने पर कोलकाता से 300 से ज्यादा लोग गिरफ्तार
मास्क नहीं पहनने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने महानगर के विभिन्न स्थानों से मंगलवार को 308 लोगों को गिरफ्तार किया।
कोलकाता , राज्य ब्यूरो। कोविड-19 संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर कोलकाता पुलिस की कार्रवाई जारी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मास्क नहीं पहनने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने महानगर के विभिन्न स्थानों से मंगलवार को 308 लोगों को गिरफ्तार किया।
वहीं, सुरक्षा दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर 153 लोगों को गिरफ्तार किया एवं उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया। 28 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के आरोप में पकड़ा गया।इसके अलावा पुलिस ने 12 वाहनों को जब्त किया।
यह गिरफ्तारियां शाम 6 बजे तक की है। उल्लेखनीय है कि सुरक्षा दिशा निर्देशों के उल्लंघन में कोलकाता पुलिस हर दिन बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां कर रही है।
बताते चलें कि बंगाल में कोरोना का संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है और मरने वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को राज्य में कोरोना वायरस के 2943 नए मामले आए एवं 55 लोगों की मौत हुई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1,65,721 हो गया है जिनमें 24,822 एक्टिव केस है।
वहीं, कोविड-19 से राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3283 हो गई है। इनमें कोलकाता में सबसे अधिक 1301 लोगों की मौत हो चुकी है। महानगर में मंगलवार को 551 नए मामले आए थे एवं 11 मरीजों की मौत हुई थी।