कोलकाता में रेल लाइन पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
बिगत कुछ दिनों से कोलकाता में महिलाओं से सरेआम छेडख़ानी की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है
कोलकाता, जागरण संवाददाता। महानगर में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवालिया निशान लगा है। बुधवार दोपहर से रात तक दो अलग-अलग जगहों पर तीन युवतियों को उत्पीडन का शिकार होना पड़ा है। पहली घटना पार्क सर्कस और सर गुरुदास हाल्ट रेलवे स्टेशन के बीच रेल लाइन के किनारे की है।
यहां एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम बापी मंडल, संजीव सिंह और इंद्रजीत घटपात्र है। इनकी उम्र 25 साल है। इन्हें सियालदह न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। ये तीनों तोपसिया के रहने वाले हैं जबकि युवती दक्षिण 24 परगना के बासंती की निवासी है।
इस बारे में पुलिस ने बताया है कि पार्क सर्कस के पास स्थित नेशनल मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक परिजन को देखने के लिए वह युवती अस्पताल में रुक गई थी। रात एक बजे के करीब वह इनमें से एक युवक के साथ रेल लाइन के किनारे गई थी। आरोप है कि सबसे पहले उसने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया।
इसी दौरान दो अन्य भी वहां पहुंच गए थे और बाद में तीनों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। इनके चंगुल से जैसे-तैसे निकलकर वह पहले तोपसिया थाना और वहां से पुलिस की मदद से सियालदह जीआरपी में पहुंची। उसकी लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपितों में से एक पीडि़ता का परिचित है। इनसे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही युवती की चिकित्सकीय जांच भी कराई गई है।
चलती बस में युवती का उत्पीडन
उधर उल्टाडांगा से रूबी की ओर जा रही एक बस में युवती को छेडऩे व अश्लील इरादे से छूने के आरोप में पुलिस ने अधेड़ को गिरफ्तार किया है। उसका नाम असित वरुण दास (45) है। उसे विधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस ने पकड़ा है।
बताया गया है कि जादवपुर जाने के लिए आरोपित बस में सवार हुआ था और युवती के पास जाकर खड़ा हो गया था। इस दौरान भीड़ का फायदा उठाकर वह अश्लील इशारे करता रहा और उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश भी करता रहा। उसकी हरकतें बढ़ती देख चिंगरिहाटा के पास युवती गुस्सा हो गई। अन्य यात्रियों ने भी उसकी सहायता की व आरोपित असित वरुण को लोगों ने धर दबोचा। उसकी पिटाई भी की। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
ज्ञात हो कि बिगत कुछ दिनों से कोलकाता में महिलाओं से सरेआम छेडख़ानी की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। कुछ दिनों पहले ही चलती बस में अश्लील हरकत करने वाले एक हॉकर को गिरफ्तार किया गया था। एक महिला के दुकान में घुसकर वहां अंग प्रदर्शन के आरोप में पिछले सप्ताह ही एक युवक को भी दबोचा गया है। बुधवार को ही चलती उबेर कार में एक महिला यात्री के उत्पीडऩ की कोशिश के आरोप में चालक को गिरफ्तार किया गया है।