बंगाल: कलकत्ता HC के आदेश पर हल्दिया अदालत में कांग्रेस नेता मिलन प्रधान का आत्मसमर्पण, भेजा जेल
कांग्रेस नेता मिलन प्रधान ने कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर हल्दिया अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। यह आत्मसमर्पण 2007 के नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण आंदोलन से जुड़े छह मामलों में अंतरिम जमानत अवधि समाप्त होने के बाद हुआ।

नंदीग्राम के कांग्रेस नेता मिलन प्रधान(फाइल फोटो)
HighLights
मिलन प्रधान ने हल्दिया अदालत में हाई कोर्ट के निर्देश पर आत्मसमर्पण किया।
यह आत्मसमर्पण 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े मामलों में है।
अंतरिम जमानत अवधि समाप्त होने के बाद अदालत ने आत्मसमर्पण का निर्देश दिया था।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के नंदीग्राम से कांग्रेस नेता मिलन प्रधान ने शुक्रवार को हाई कोर्ट के निर्देश पर हल्दिया अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। वर्ष 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े छह पुराने मामलों में आरोपित मिलन प्रधान को नंदीग्राम उपचुनाव से पहले गिरफ्तार किया गया था।
बाद में कलकत्ता हाई कोर्ट से उन्हें शर्तों के साथ अंतरिम जमानत मिली थी। इसकी अवधि 25 नवंबर को समाप्त हो गई थी। इसके बाद भी आत्मसमर्पण नहीं करने पर हाई कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए 27 नवंबर तक निचली अदालत में आत्मसमर्पण करने का सख्त निर्देश दिया था।
मिलन प्रधान के खिलाफ वर्ष 2007 में नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, लोगों को जुटाने और लूटपाट समेत विभिन्न आरोपों में नंदीग्राम और खेजुरी थानों में छह मामले दर्ज किए गए थे।
नंदीग्राम उपचुनाव के दौरान ममता बनर्जी द्वारा उनके समर्थन की घोषणा के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। जमानत के लिए उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था। हाई कोर्ट ने चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें सभी छह मामलों में शर्तों के साथ अंतरिम जमानत दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने भी नहीं किया था हस्तक्षेप
हाई कोर्ट के इस फैसले को राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन शीर्ष अदालत ने इसमें हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया था। साथ ही राज्य सरकार को हाई कोर्ट में वापस जाने का निर्देश दिया था। हाई कोर्ट ने मिलन प्रधान को 25 नवंबर तक अंतरिम जमानत देते हुए चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था।
हालांकि, निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया और दोबारा जमानत के लिए हाई कोर्ट पहुंच गए। 25 नवंबर को न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष की पीठ में सुनवाई के दौरान अदालत ने इस पर नाराजगी जताई।
पीठ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 27 नवंबर तक उन्हें आत्मसमर्पण करना होगा। इसी आदेश का पालन करते हुए शुक्रवार को उन्होंने हल्दिया अदालत में आत्मसमर्पण किया। इस दौरान मिलन प्रधान ने फिर आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।