कोलकाता के नदिया में सियासी हिंसा में अधेड़ की गोली मारकर हत्या, भाजपा पर लगाया आरोप
मृतक के बेटे विशाल सरकार ने बताया कि रात में उसके एक दोस्त ने फोन कर पिता को गोली लगने की बात बतायी जिस पर वह दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचा। जेएनएम अस्पताल ले जाने पर डाॅक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। नदिया के गये सपुर के सुकांतपल्ली के बाशिंदा बाप्पा सरकार (48) की बीती रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। काफी करीब से मारी गई गोली उसकी छाती के बीचो-बीच लगी जिससे घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। आरोप है कि भाजपा आश्रित समाजविरोधी ने गोली मारी है। गयेसपुर शहर तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष सुकांत चट्टोपाध्याय ने बताया कि स्थानीय पालिका के बूथ नंबर 225 का एजेंट बाप्पा सरकार था। भाजपा के कार्यकर्ता इलाके में लिफलेट बांट रहे थे जिस पर बाप्पा ने उनका विरोध किया था।
इसको लेकर उनकी मामूली झड़प भी हुई थी और इसको लेकर इलाके में तनाव का माहौल था। उनका आरोप है कि विरोध किये जाने के आक्रोश में समाजविरोधियों ने बाप्पा की हत्या कर दी है। इस आरोप को खारिज करते हुए नदिया जिला दक्षिण के संगठन अध्यक्ष अशोक चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि राजा नामक तृणमूल आश्रित कुख्यात ने एक भाजपा कर्मी पर गोली चलायी जो चूक कर बाप्पा को लगी। इस हत्या में भाजपा का कोई हाथ नहीं है। अपना आंतरिक कलह छुपाने के लिए तृणमूल के लोग झूठा आरोप लगा रहे हैं।
मृतक के बेटे विशाल सरकार ने बताया कि रात में अपने एक दोस्त के साथ बातचीत कर रहा था, तभी उसके एक दोस्त ने फोन कर पिता को गोली लगने की बात बतायी जिस पर वह दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचा। जेएनएम अस्पताल ले जाने पर डाॅक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
बाप्पा सरकार की चाय की दुकान है, साथ ही एक कंपनी में वह कैटरर का काम करता था। दुकान के सामने उसे गोली मारी गई है। विशाल का दावा है कि उसके पिता की किसी के साथ दुश्मनी नहीं थी इसलिए हत्या का कारण उसे समझ में नहीं आ रहा है, वह तृणमूल पार्टी का काम करते थे हालांकि मृतक की बेटी का आरोप है कि राजा फोन कर उसके पिता को घर से बुलाकर ले गया और उन्हें गोली मारी है। राजा उसके पिता से रंजिश रखता था। महालया के दिन पिता के सिर पर रिवाल्वर टिकाकर जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी खबर पाकर पुलिस पहुंची थी लेकिन स्थानीय नेताओं ने मिलकर मामले को रफा-दफा कर दिया।