विवाहिता से छेड़खानी व जबरन करने का प्रयास
-सोदपुर स्टेशन पर रात को 10 बजे हुई घटना, शराब के नशे में धुत युवकों पर आरोप -जमाई षष्ठी पर ससुरा
-सोदपुर स्टेशन पर रात को 10 बजे हुई घटना, शराब के नशे में धुत युवकों पर आरोप
-जमाई षष्ठी पर ससुराल से लौट रहे
दंपती की पिटाई, जीआरपी जवान पर मदद नहीं करने का आरोप
जागरण संवाददाता, कोलकाता : जमाई षष्ठी पर ससुराल से लौटने के क्रम में एक दंपती की बदमाश युवकों ने जमकर पिटाई कर दी। वहीं महिला से छेड़खानी व जबरन करने का प्रयास करने का भी आरोप है। हादसे में जख्मी दंपती को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमदम जीआरपी में मामले की शिकायत दर्ज करवाई गई है। उक्त घटना बुधवार की रात 10 बजे सियालदह और नैहाटी रूट के सोदपुर स्टेशन पर घटी है।
पीड़ित दंपती नैहाटी इलाके के निवासी हैं। जमाई षष्ठी पर पति, पत्नी के साथ अपने ससुराल दमदम गया था। वहां से रात को लौटने के दौरान ट्रेन में किसी बात पर पति-पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। बहस तेज होने पर दंपती सोदपुर स्टेशन पर उतर गए। यहां भी उनके बीच नोकझोंक का दौर जारी रहा। आरोप है कि इस दौरान 7-8 की संख्या में शराब के नशे में धुत युवक वहां पहुंचे और दंपती से उलझ गए। आरोप है कि बदमाशों ने दंपती से पति-पत्नी होने का सबूत मांगा। इस पर पीड़ित पक्ष ने पहले विरोध किया। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी एक साथ की तस्वीर दिखाई। इसके बावजूद हिंसा पर उतारू बदमाश युवक मारपीट पर आमादा हो गए। महिला को थप्पड़ जड़ दिया है। पति की जमकर धुनाई कर दी। इसका विरोध करने पर महिला से छेड़खानी पर उतर आए। आरोप है कि महिला को स्टेशन के पास की झाड़ियों में ले जाकर उनसे जबरन करने की कोशिश की गई। पीड़िता ने बदमाश युवकों पर साड़ी उतारने का भी आरोप लगाया है। हालांकि बाद में किसी तरह से मामला संभला। पीड़ित दंपती का आरोप है कि घटना के वक्त मौके पर एक जीआरपी का जवान था, जिससे मदद मांगने पर उसने आपस में बातचीत कर मामले को सुलझाने का सुझाव दिया और वहां से चला गया। इस बाबत पीड़ित पक्ष ने दमदम जीआरपी में मारपीट करने और छेड़खानी की शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की जांच में जुटी जीआरपी मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी तय नहीं हो पाई है। स्टेशन परिसर में रात को सरेआम घटी घटना और आम लोगों द्वारा पीड़ित दंपती की मदद के लिए आगे नहीं आने पर भी आश्चर्य जताया जा रहा है। इधर पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय महापात्र ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।