मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिला दिवस के मौके पर कहा- समाज की रीढ़ हैं महिलाएं
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कहा है कि महिलाएं हमारे समाज की रीढ़ की हड्डी होती हैं। मैं विश्व की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दे रही हूं।
कोलकाता,जेएनएन। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कहा है कि महिलाएं हमारे समाज की रीढ़ की हड्डी होती हैं। सीएम ने यह भी दावा किया है कि विगत 7 सालों में पश्चिम बंगाल में उनकी सरकार के दौरान महिला सशक्तिकरण पर विशेष तौर पर काम किया गया है और राज्य भर की नगर पालिकाओं में 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।
शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री ने इस बारे में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि महिलाएं हमारे समाज की रीढ़ की हड्डी होती हैं। वह हमारी गौरव हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मैं विश्व की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दे रही हूं। इसके बाद ममता ने लिखा कि हमारी सरकार महिलाओं के हितों और और उनके सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
हाल ही में हम लोगों ने स्वास्थ्य साथी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड की शुरुआत की है। हमारी सरकार ने तय किया है कि यह कार्ड परिवार में महिला को प्रमुख मानते हुए उन्हीं के नाम पर जारी किया जाएगा। केंद्र सरकार का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि अभी तक संसद में महिला रिजर्वेशन बिल पास नहीं हुआ है लेकिन मैं यह कहने में गर्व महसूस कर रही हूं कि हमारी पार्टी ने 30 प्रतिशत महिलाएं 16वीं लोकसभा से सांसद हैं। इसके अलावा राज्य भर की स्थानीय निकायों में 50प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।