विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ममता बनर्जी ने कोलकाता में कई दुर्गापूजा पंडालों का किया उद्घाटन, कहा- मिल-जुल कर उठाएं उत्सव का आनंद

By Priti JhaEdited By:
Published: Mon, 11 Oct 2021 11:19 AM (IST)

Kolkata Durga puja 2021 ममता बनर्जी छह अक्टूबर को महालया के दिन से ही कोलकाता में सामुदायिक दुर्गा पूजा का ...और पढ़ें

कोलकाता पुलिस द्वारा अलीपुर बाडीगार्ड लाइन में आयोजित दुर्गा पूजा का उद्घाटन करतीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।
कोलकाता पुलिस द्वारा अलीपुर बाडीगार्ड लाइन में आयोजित दुर्गा पूजा का उद्घाटन करतीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राजधानी कोलकाता समेत पूरा बंगाल इस समय दुर्गा पूजा के रंग में रंग गया है। महालया के दिन से ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता में ताबड़तोड़ दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन कर रहीं हैं। इसी क्रम में ममता बनर्जी ने कोलकाता में कई दुर्गापूजा पंडालों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इस दिन पश्चिम बर्द्धमान सहित कुछ जिलों में दुर्गापूजा पंडालों का कोलकाता से ही वर्चुअल उद्घाटन भी किया। इस दिन ममता बनर्जी ने कोलकाता में सबसे पहले नवनीर के दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया।

यहां मुख्यमंत्री ने नवनीर के ओल्ड एज होम का भी दौरा किया और इसमें रहने वाले बुजुर्गो व विधवा महिलाओं से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने उन्हें दुर्गा पूजा की भी शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अलीपुर बाडीगार्ड लाइन में दो पूजा पंडालों एवं इसके बाद सुरुचि संघ के पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कहा कि बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलजुल कर दुर्गा पूजा में भाग लेते हैं और इसका आनंद उठाते हैं। उन्होंने लोगों से इसी तरह मिल-जुल कर दुर्गा पूजा उत्सव का आनंद उठाने की अपील की। इसके साथ ही ममता ने एक बार फिर कोरोना के प्रसार पर काबू पाने के लिए मास्क पहनने पर जोर देते हुए लोगों से पंडालों में घूमते समय पूरी सावधानी बरतने की अपील की और कहा कि महामारी अभी समाप्त नहीं हुई है।

छह अक्टूबर से ही सामुदायिक दुर्गा पूजा का लगातार उद्घाटन कर रही हैं ममता

उल्लेखनीय है कि ममता छह अक्टूबर को महालया के दिन से ही कोलकाता में सामुदायिक दुर्गा पूजा का लगातार उद्घाटन कर रही हैं। एक दिन पहले शनिवार को उन्होंने कोलकाता में 20 से अधिक दुर्गापूजा पंडालों का उद्घाटन किया था। शुक्रवार को भी ममता ने कोलकाता में एक दर्जन से अधिक दुर्गापूजा पंडालों का उद्घाटन किया था। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने 13 पूजा पंडालों का उद्घाटन किया था।