विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संविधान दिवस पर ममता ने भाजपा पर बोला हमला, इंटरनेट मीडिया के जरिए दिया संदेश; लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:17 PM (IST)

संविधान दिवस पर ममता तृणमूल ने भाजपा पर हमला बोला, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया। पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकारों पर संवैधानिक आदर्शों का पालन न करने का आरोप लगाया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. ममता तृणमूल ने संविधान दिवस पर भाजपा को घेरा

  2. लोकतंत्र की आधारशिला संविधान, नागरिक अधिकारों की रक्षा पर जोर

  3. भाजपा सरकारों पर संवैधानिक आदर्शों का पालन न करने का आरोप

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। संविधान की मर्यादा और नागरिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर संविधान दिवस के अवसर पर ममता तृणमूल ने भाजपा पर निशाना साधा। गुरुवार को पार्टी प्रमुख और बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इंटरनेट मीडिया के जरिए देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान को लोकतंत्र की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान और आकांक्षाओं की रक्षा करता है।
वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता को याद करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को दोबारा स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने संविधान दिवस को इन मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर बताया।

दूसरी ओर, ममता तृणमूल के प्रवक्ता और बेलियाघाटा के विधायक कुणाल घोष ने केंद्र और बंगाल की भाजपा सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा की सरकारें वास्तव में संविधान के अनुरूप काम कर रही हैं और उसके मूल आदर्शों का पालन कर रही हैं? कुणाल ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार ने संविधान की मूल भावना को बनाए रखते हुए काम किया, जबकि राज्य में भाजपा सरकार ने छह महीने के भीतर ही इस भावना पर प्रहार करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने सांप्रदायिक सद्भाव, सर्वधर्म समभाव, धर्मनिरपेक्षता, धार्मिक सहिष्णुता और मानवाधिकारों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कामकाज इन संवैधानिक मूल्यों के विपरीत हैं। कुणाल के मुताबिक, जनता अपने अनुभवों से सरकार के कामकाज का आकलन कर रही है। इस तरह संविधान दिवस पर तृणमूल नेताओं ने संवैधानिक मूल्यों के बहाने भाजपा सरकार को राजनीतिक रूप से घेरने की कोशिश की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।