'अत्याचार करने वालों को मिलेगा जवाब', सुभेंदु सरकार के 'हॉकर हटाओ अभियान' पर ममता का तीखा हमला
ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नई भाजपा सरकार के 'हॉकर हटाओ अभियान' पर तीखा हमला बोला है।

शुभेंदु अधिकारी, ममता बनर्जी (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई में हाल में नई भाजपा सरकार बनने के बाद से विभिन्न रेलवे स्टेशनों और शहर के कई इलाकों में चल रहे हॉकर हटाओ अभियान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने मंगलवार तीखा हमला बोला। अंतरराष्ट्रीय हाकर दिवस के मौके पर ममता ने एक्स पर संदेश जारी कर हाकरों के समर्थन में आवाज उठाई।
ममता ने हॉकर हटाओ अभियान पर भाजपा सरकार को घेरा
ममता ने लिखा, बंगाल में सत्ता में आते ही भाजपा सरकार जिस तरह हाकरों पर अत्याचार कर रही है, उन्हें उजाड़ रही है, उनकी दुकानों को तोड़ रही है और उनकी आंखों के आंसुओं की परवाह किए बिना उन्हें सड़क पर ला रही है, उसे देखकर मैं स्तब्ध, क्रोधित और मर्माहत हूं। अत्याचार करने वालों को इसका जवाब जरूर मिलेगा। मैं आपके साथ थी, हूं और रहूंगी।
ममता ने कहा कि हाकर जमीनी अर्थव्यवस्था की वास्तविक तस्वीर हैं। सड़क किनारे व्यापार करने वाले लोग एक ओर बड़े उत्पादन तंत्र और आम जनता की जरूरतों के बीच कड़ी का काम करते हैं, वहीं दूसरी ओर सस्ती कीमतों पर जरूरी सामान लोगों तक पहुंचाते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि शहरी योजना और इस व्यवस्था के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
हावड़ा, सियालदह स्टेशनों से हॉकर हटाने पर विरोध
मालूम हो कि हाल के दिनों में हावड़ा और सियालदह स्टेशन के बाहर बुलडोजर चलाकर कई हाकरों को हटाया गया है। इस मुद्दे को लेकर तृणमूल कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।
हॉकर हटाने और चुनाव बाद हिंसा के मुद्दे पर पिछले बुधवार को तृणमूल के विधायकों ने विधानसभा में धरना दिया था। ममता के निर्देश पर पिछले सप्ताह हावड़ा, सियालदह और बालीगंज में तृणमूल द्वारा विरोध कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे।
