बंगाल: ममता बनर्जी की काली पूजा में सत्ता की चमक फीकी, कई पुराने चेहरे रहे नदारद
ममता बनर्जी ने 15 साल में पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में काली पूजा की, जिसमें इस बार सत्ता का जमावड़ा और राजनीतिक चमक फीकी दिखी।
-1794224612287_m.webp)
ममता ने 15 साल बाद पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में की पूजा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन का असर इस बार ममता बनर्जी की काली पूजा में भी नजर आया। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत और तृणमूल कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने के बाद ममता ने 15 साल में पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में कालीघाट स्थित अपने हरीश चटर्जी स्ट्रीट आवास पर पूजा की। पारंपरिक अनुष्ठान और मां की प्रतिमा पहले जैसी रही, लेकिन आयोजन का सियासी रंग फीका दिखा।
हर साल यहां मंत्रियों, वरिष्ठ नौकरशाहों, पुलिस अधिकारियों, राजनीतिक हस्तियों और टालीवुड कलाकारों का जमावड़ा लगता था। ममता की यह पूजा धार्मिक आयोजन के साथ बंगाल के राजनीतिक और सामाजिक हलकों के लिए भी खास जमावड़े का अवसर रही है। इस बार पहले जैसी भीड़ और हलचल नहीं दिखी। पूर्व मंत्री फिरहाद हकीम और अरूप विश्वास समेत कई पुराने परिचित चेहरे नदारद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों और फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी भी कम रही।
ममता ने अपनी पारंपरिक सादगी के साथ पूजा की व्यवस्था संभाली, भोग तैयार कराया और आगंतुकों का स्वागत किया। तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पत्नी के साथ शाम को पहुंचे। सांसद सौगत राय, डोला सेन, विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय और कुणाल घोष समेत पार्टी के कई नेता भी मौजूद रहे।
फूल अर्पित करने के तरीके पर भाजपा ने उठाए सवाल
इस बीच, पूजा के दौरान ममता द्वारा मां काली को फूल अर्पित करने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। भाजपा ने वीडियो को लेकर ममता पर निशाना साधा। पार्टी ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि देवी को श्रद्धा से फूल अर्पित करने के बजाय उनकी ओर फेंका गया।
भाजपा ने इसे हिंदू परंपराओं के प्रति अनादर बताते हुए सवाल उठाए। पूर्व भाजपा नेता अनुपम हाजरा ने भी वीडियो साझा कर ममता की धार्मिक आस्था पर टिप्पणी की। वहीं, कुणाल घोष ने पूजा में पुराने नेताओं की गैरमौजूदगी पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पिछले वर्षों तक यहां जुटते थे, उनमें से कई के असली चेहरे अब सामने आ गए हैं।
तृणमूल की आइटी सेल प्रभारी उपासना चौधरी ने कहा कि पार्टी मंत्रियों और बड़े नेताओं से नहीं, बल्कि आम लोगों और जमीनी कार्यकर्ताओं से बनती है। आम समर्थकों की आवाजाही बनी रही, लेकिन पूजा के बहाने दिखने वाला सत्ता का जमावड़ा इस बार नदारद रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।