विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल चुनाव: सोमवार से प्रचार अभियान शुरू करेंगी ममता, भवानीपुर में कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक

Published: Sat, 21 Mar 2026 06:25 PM (IST)Updated: Sat, 21 Mar 2026 07:04 PM (IST)

ममता बनर्जी सोमवार से बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार शुरू करेंगी। इससे पहले, वह रविवार शाम भवानीपुर कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी भी प्रचार में शामिल होंगे।

HighLights

  1. ममता बनर्जी सोमवार से बंगाल चुनाव प्रचार शुरू करेंगी।

  2. भवानीपुर में कार्यकर्ताओं संग करेंगी महत्वपूर्ण बैठक।

  3. सुवेंदु अधिकारी से मिल रही कड़ी टक्कर पर रणनीति।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार से राज्यव्यापी चुनाव प्रचार शुरू करेंगी। ममता के सांसद भतीजे और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी उसी दिन से प्रचार शुरू करेंगे। प्रचार शुरू करने से पहले ममता रविवार शाम अपने विधानसभा क्षेत्र कोलकाता के भवानीपुर के कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगी।

बताया जा रहा है कि इस बैठक में ममता अपने विधानसभा क्षेत्र के चुनाव प्रचार की रणनीति तय करेंगी। भवानीपुर सीट से इस बार ममता के खिलाफ भाजपा नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी चुनावी मैदान में हैं, जिन्होंने गत गुरुवार से ही चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।

भवानीपुर में ममता को टक्कर दे रहे सुवेंदु

भाजपा द्वारा भवानीपुर से सुवेंदु को उतारे जाने से इस बार ममता को कड़ी टक्कर मिल रही है। इसलिए तृणमूल के शीर्ष नेतृत्व ने इस मुद्दे पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है, ताकि चुनाव में कोई ढिलाई न बरती जाए।

ममता ने रविवार को बुलाई बैठक

इसी बीच अब ममता ने रविवार को भवानीपुर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में ममता के अलावा तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी, दक्षिण कोलकाता जिला तृणमूल अध्यक्ष देबाशीष कुमार, कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम और भवानीपुर क्षेत्र के सातों पार्षद भी उपस्थित रहेंगे। सभी बूथों के कार्यकर्ताओं को भी इस बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।

भवानीपुर में 28 अप्रैल को मतदान

तृणमूल नेतृत्व का उद्देश्य चुनाव से पहले भवानीपुर में ममता बनर्जी के कार्यों को हर बूथ तक पहुंचाना है। भवानीपुर में मतदान दूसरे व अंतिम चरण में 29 अप्रैल को है। दक्षिण कोलकाता जिला तृणमूल सूत्रों के अनुसार, रविवार की बैठक से तृणमूल नेताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल जाएंगे कि पार्टी एक महीने तक चुनाव प्रचार कैसे करेगी।

यह भी पढ़ें- 'वे नरक में जाएं', ईद के कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने भाजपा को लेकर क्यों की ये टिप्पणी?