बंगाल निकाय चुनाव से पहले संगठन की नब्ज टटोल रहीं ममता, वफादारों की मांगी लिस्ट
ममता बनर्जी आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित कर रही हैं।
-1795527525104_m.webp)
ममता बनर्जी निकाय चुनाव से पहले संगठन को व्यवस्थित कर रही हैं (ममता बनर्जी, फाइल फोटो)
HighLights
ममता बनर्जी निकाय चुनाव से पहले संगठन को व्यवस्थित कर रही हैं
जिलावार नेताओं और कार्यकर्ताओं की विस्तृत सूची तैयार करने का निर्देश
यह सूची उम्मीदवारों के चयन और पार्टी की स्थिति तय करेगी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित करने में जुटी हैं।
विधानसभा चुनाव में हार और पार्टी में हुई टूट के बाद उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने साथ जुड़े नेताओं, पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है।
इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने समर्थक गुट के नेताओं से जिलावार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की विस्तृत सूची तैयार करने को कहा है।
इस सूची के आधार पर न केवल निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन होगा, बल्कि पार्टी के भीतर अपनी संगठनात्मक स्थिति और समर्थन का आकलन भी किया जाएगा।
जिलावार सूची से तय होगी उम्मीदवारों की रणनीति
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी ने अपने गुट के नेताओं को उन स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है, जो अब भी उनके नेतृत्व के प्रति निष्ठा रखते हैं। राज्य के सात शहरी नगर निकायों में प्रस्तावित चुनाव को देखते हुए यह कवायद की जा रही है।
सूची मिलने के बाद ममता प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक करेंगी। इसमें उम्मीदवारों के नाम और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, प्रत्याशियों के चयन में ममता बनर्जी की भूमिका निर्णायक रहेगी।
कार्यकर्ताओं की निष्ठा पर विशेष जोर
तृणमूल कांग्रेस में विभाजन के बाद पार्टी के दोनों गुटों के बीच संगठन और कार्यकर्ताओं पर पकड़ को लेकर प्रतिस्पर्धा है। ऐसे में ममता खेमे की ओर से जिलावार सूची तैयार करने की पहल को संगठनात्मक शक्ति का आकलन करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेताओं, पदाधिकारियों और वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें चुनावी जिम्मेदारियां सौंपने की तैयारी है।
रिपोर्ट के अनुसार, ममता गुट इस सूची के साथ कार्यकर्ताओं के शपथपत्र भी जुटा रहा है, ताकि चुनाव आयोग के समक्ष मूल तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न पर अपना दावा मजबूत किया जा सके।
कांग्रेस से तालमेल पर अब तक नहीं बनी सहमति
नगर निकाय चुनाव को लेकर ममता गुट की ओर से कांग्रेस के साथ तालमेल की संभावनाएं भी तलाशी गई हैं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने फिलहाल किसी गठबंधन वार्ता से इन्कार किया है। दूसरी ओर, तृणमूल के दूसरे गुट ने भी निकाय चुनाव में स्वतंत्र रूप से उतरने की तैयारी की है।
ऐसे में आगामी चुनाव में भाजपा के साथ तृणमूल के दोनों गुटों के बीच भी मुकाबला होने की संभावना है। ममता बनर्जी के लिए यह चुनाव स्थानीय निकायों में उम्मीदवार उतारने तक सीमित नहीं है।
इसके जरिए उन्हें यह भी तय करना है कि पार्टी के विभाजन के बाद जिला और वार्ड स्तर पर उनके साथ कितने नेता और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। यही वजह है कि उम्मीदवारों के चयन से पहले संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन करने पर जोर दिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।