विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरी का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, ममता तृणमूल नेता अजीत महतो गिरफ्तार

Published: Fri, 30 Oct 2026 02:15 PM (IST)

झाड़ग्राम के ममता तृणमूल नेता अजीत महतो को वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

ममता तृणमूल नेता अजीत महतो गिरफ्तार (फोटो-आइएएनएस)

ममता तृणमूल नेता अजीत महतो गिरफ्तार (फोटो-आइएएनएस)

HighLights

  1. ममता तृणमूल नेता अजीत महतो 10 लाख ठगी में गिरफ्तार।

  2. वन विभाग में स्थायी सरकारी नौकरी का दिया था झांसा।

  3. परिवार ने गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताया, जांच जारी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। वन विभाग में स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में झाड़ग्राम के ममता तृणमूल नेता अजीत महतो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गुरुवार देर रात करीब दो बजे पुलिस ने उनके घर से उन्हें गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उन्हें झाड़ग्राम अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की मांग कर सकती है।

पुलिस के अनुसार, झाड़ग्राम के बाछुरडोबा निवासी सजल दास ने अजीत महतो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि महतो ने अपने राजनीतिक प्रभाव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी संबंधों का हवाला देकर उन्हें वन विभाग में स्थायी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इस भरोसे में आकर सजल ने दिसंबर 2024 से मार्च 2026 के बीच चार किस्तों में कुल 10 लाख रुपये दिए।

हालांकि, लंबे समय बाद भी नौकरी नहीं मिली। रुपये वापस मांगने पर कथित तौर पर उन्हें धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि महतो ने दो लाख रुपये अतिरिक्त मांगे थे और इसी तरह अन्य बेरोजगार युवकों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे वसूले हैं।

विधानसभा चुनाव में तृणमूल के प्रत्याशी थे महतो

अजीत महतो 2026 के विधानसभा चुनाव में गोपीबल्लभपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी थे। हालांकि, भाजपा प्रत्याशी राजेश महतो ने उन्हें 26 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया था। चुनाव के बाद तृणमूल में ममता और ऋतब्रत गुट बनने के बाद महतो ममता तृणमूल के साथ हैं।

दूसरी ओर, उनके परिवार ने गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए आरोप लगाया है कि ममता तृणमूल से जुड़े होने के कारण उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है।

परिवार का दावा है कि पुलिस ने आधी रात को घर का दरवाजा तोड़कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ठगी में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- सिलीगुड़ी में छात्रों को स्कूल ले जा रही गाड़ी को पिकअप वैन ने मारी टक्कर, 9 बच्चे थे सवार