विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेजीनगर में ममता बनर्जी झोंकेंगी पूरी ताकत, नए नाम और चुनाव चिह्न के साथ खुद संभालेंगी प्रचार की कमान

Published: Sun, 20 Sep 2026 09:18 PM (IST)

ममता बनर्जी रेजीनगर उपचुनाव में 'ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' के नए नाम और 'फुटबॉलर' चुनाव चिन्ह के साथ पूरी ताकत से प्रचार करेंगी।

रेजीनगर में ममता बनर्जी खुद संभालेंगी प्रचार की कमान(फाइल फोटो)

रेजीनगर में ममता बनर्जी खुद संभालेंगी प्रचार की कमान(फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में नए नाम और चुनाव चिन्ह के साथ उतर रही ममता बनर्जी की अगुआई वाली तृणमूल पूरी ताकत झोंकेगी। चुनाव प्रचार की कमान खुद ममता संभालेंगी।

रविवार को ममता तृणमूल ने अपने 20 प्रचारकों की सूची जारी की। इसमें ममता के अलावा अभिषेक बनर्जी, कल्याण बनर्जी, शोभनदेव चट्टोपाध्याय, सौगत राय, डोला सेन, महुआ मोइत्रा, कुणाल घोष, समीरुल इस्लाम, बाबर अली, उपासना चौधरी व शामिल हैं।

अभिषेक विदेश से लौटने के बाद प्रचार में शामिल होंगे। ममता गुट को चुनाव आयोग ने अस्थायी तौर पर ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फुटबॉलर’ चुनाव चिन्ह दिया है।

मालूम हो कि रेजीनगर में ममता गुट के प्रत्याशी रबिउल ऑलम चौधरी ने गत शनिवार को कुछ घंटों के भीतर दो बार अपना फैसला बदला था। सुबह उन्होंने चुनाव से हटने की घोषणा की थी, हालांकि ममता से बातचीत के बाद चुनाव मैदान में बने रहने का एलान किया था।

सूत्रों के अनुसार, ममता गुट पंचायत स्तर तक प्रचार की रणनीति तैयार कर रहा है। रबिउल ने भी शनिवार से अपने क्षेत्र में प्रचार शुरू कर दिया है।

रविवार को उन्होंने बेलडांगा स्थित पार्टी कार्यालय में चुनावी रणनीति पर अहम बैठक की, जिसमें कालियागंज की विधायक अलिफा अहमद और जंगीपुर के विधायक बाबर अली समेत स्थानीय नेता मौजूद रहे। रेजीनगर में आगामी छह अक्टूबर को मतदान है।

हुमायूं के फिर बिगड़े बोल, पुलिस लूट करेगी तो दोनों तरफ से होंगी हत्याएं

दूसरी तरफ आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख व वहां से पार्टी प्रत्याशी गुलाम नबी आजाद के पिता हुमायूं कबीर ने चुनाव प्रचार से दूर रहने की घोषणा करते हुए फिर विवादित बयान दे डाला है। उन्होंने कहा-‘हम प्रचार नहीं करेंगे।

चुनाव में जो होगा, होगा। पुलिस लूट करेगी। चुनाव के दिन हम लूट का मुकाबला करेंगे। इसमें 10 हत्याएं होंगी। मेरी तरफ से होंगी तो होंगी, उनकी तरफ से भी होंगी तो होंगी।’

मालूम हो कि पुलिस ने हुमायूं को विवादित ऑडियो मामले में सोमवार को बहरमपुर थाने में पेश होने का नोटिस दिया है। पुलिस का आरोप है कि उक्त ऑडियो के जरिए चुनाव से पहले अशांति पैदा करने की साजिश हो सकती है।

इसी बीच आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रदेश सचिव आशिक इकबाल समेत दो लोगों को हथियार तथा जाली नोट के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 500 रुपये मूल्य के 108 जाली नोट, दो अवैध हथियार और चार कारतूस बरामद किए हैं।

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी को एक और झटका, नंदीग्राम के बाद रेजीनगर से भी उम्मीदवार ने वापस लिया नाम