महिला आरक्षण पर ममता बनर्जी के 'गंदा बिल' बयान से बंगाल में सियासी उबाल, पूर्व सहयोगियों ने झाड़ा पल्ला
ममता बनर्जी की महिला आरक्षण विधेयक पर 'गंदा बिल' टिप्पणी ने बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। इस पर पूर्व सहयोगी माला रॉय सहित तृणमूल और एनसीपीआई की महिला सांसदों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं।

बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (File Photo)
HighLights
ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण विधेयक को 'गंदा बिल' बताया।
माला रॉय ने महिलाओं के हित में विधेयक का समर्थन करने की बात कही।
जून मालिया ने बढ़ी सीटों को प्रतिनिधित्व के लिए महत्वपूर्ण बताया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की 'गंदा बिल' टिप्पणी पर बंगाल की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। उनकी इस टिप्पणी पर उनकी पूर्व सहयोगी और अब एनसीपीआई सांसद माला रॉय समेत तृणमूल की सांसद जून मालिया और एनसीपीआई सांसद शताब्दी राय ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है।
जहां शताब्दी ने ममता की टिप्पणी पर कोई सीधी प्रतिक्रिया देने से परहेज किया, वहीं माला राय ने महिलाओं के हित में होने पर विधेयक का समर्थन करने की बात कही। जून मालिया ने लोकसभा में सीटें बढ़ने को अधिक लोगों के प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
दरअसल, शनिवार को दिल्ली पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण विधेयक को 'गंदा बिल' बताया था। उन्होंने कहा था कि महिलाओं के अधिकारों के लिए उन्होंने सबसे अधिक संघर्ष किया है और वर्ष 2024 में ही महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका है। ऐसे में अब इस मुद्दे पर अलग से दावे किए जा रहे हैं। उनकी इस टिप्पणी पर भाजपा ने भी आपत्ति जताई है।
शताब्दी बोलीं-आगे देखिए क्या होता है
एनसीपीआइ सांसद शताब्दी राय ने ममता की टिप्पणी पर कहा कि उन्हें कुछ तो कहना ही था, उन्होंने अपनी सोच के मुताबिक अपनी बात रखी है। अब आगे देखते हैं कि क्या होता है। एनसीपीआइ को अभी तक मान्यता नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी दो दिन बाकी हैं और उनकी पार्टी कानूनी तरीके से ही काम करेगी, कोई गैरकानूनी कदम नहीं उठाएगी।
उन्होंने दावा किया कि पार्टी की ओर से सभी जरूरी सवालों के लिखित जवाब दिए जा चुके हैं और अपनी पात्रता तथा स्थिति के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई है। उन्होंने तृणमूल की चुनाव चिह्न और अस्तित्व को लेकर भी सवाल उठाए।
माला राय ने कहा-महिलाओं के हित में हो तो समर्थन जरूरी
वहीं, कभी ममता बनर्जी की करीबी रहीं और अब एनसीपीआइ की सांसद माला राय ने इस टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया देने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि वह ममता के बयान पर कुछ नहीं कहना चाहतीं। हालांकि, यदि विधेयक महिलाओं के पक्ष में आता है और इससे महिलाओं का भला होता है तो उसका समर्थन किया जाना चाहिए।
जून मालिया ने बढ़ी सीटों को बताया महत्वपूर्ण
तृणमूल सांसद जून मालिया ने भी ममता की टिप्पणी पर कुछ कहने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि ममता ने जो उचित समझा, वही कहा। हालांकि, उनके अनुसार लोकसभा में सीटें बढ़ने से अधिक लोगों को संसद में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। साथ ही 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने से उन्हें भी प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।
जून मालिया ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ सांसदों की एक शिष्टाचार बैठक प्रस्तावित है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसके लिए आमंत्रित किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री की ओर से सांसदों के लिए दोपहर के भोज का निमंत्रण भी है। संसद के विशेष सत्र से पहले इन बैठकों और महिला आरक्षण तथा परिसीमन पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के रुख पर नजर रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।