विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उज्ज्वल विश्वास का निधन: ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाया प्रतिशोध की राजनीति का आरोप

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:17 PM (IST)

पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास के निधन के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा पर प्रतिशोध की राजनीति का आरोप लगाया है।

ममता ने भाजपा पर लगाया प्रतिशोध की राजनीति का आरोप।

ममता ने भाजपा पर लगाया प्रतिशोध की राजनीति का आरोप।

HighLights

  1. पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास का 72 वर्ष की आयु में निधन।

  2. ममता बनर्जी ने भाजपा पर प्रतिशोध की राजनीति का आरोप लगाया।

  3. विश्वास को झूठे मामलों में 49 दिन जेल में रखा गया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेता उज्ज्वल विश्वास के निधन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की ओर से डराने, धमकाने और राजनीतिक विरोधियों को प्रताड़ित करने का सिलसिला चलाया जा रहा है।

उज्ज्वल विश्वास के जीवन के अंतिम महीनों में उन्हें जिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा, वह इसी राजनीति का उदाहरण है। ममता ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के आधार पर इस तरह की पीड़ा को उचित नहीं ठहराया जा सकता।

49 दिन जेल में रखने और प्रताड़ना का लगाया आरोप

ममता बनर्जी ने उज्ज्वल विश्वास के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि दोनों के बीच वर्षों से करीबी संबंध थे। पूर्व मंत्री और विधायक के रूप में उन्होंने अपना जीवन तृणमूल कांग्रेस और आम लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया था। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और लंबे समय तक किए गए कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता।

ममता ने आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले उज्ज्वल विश्वास पर बेरहमी से हमला किया गया था। इसके बाद उन्हें कथित झूठे मामलों में फंसाकर 49 दिनों तक जेल में रखा गया। इस दौरान उन्हें शारीरिक और मानसिक पीड़ा से गुजरना पड़ा।

ममता के अनुसार, उज्ज्वल ने उनसे मुलाकात के दौरान अपने साथ हुई प्रताड़ना, अपमान और धमकियों के बारे में बताया था। उन्होंने कहा कि उज्ज्वल ने केवल इसलिए अपनी राजनीतिक निष्ठा नहीं बदली, क्योंकि वह अपने विचारों और पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध थे।

तीन सप्ताह से अस्पताल में चल रहा था इलाज

उज्ज्वल विश्वास का 72 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह पिछले करीब तीन सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थे। पिछले कुछ दिनों से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनके निधन से तृणमूल कांग्रेस में शोक का माहौल है।

ममता ने कहा कि उज्ज्वल के अंतिम दिनों में झेली गई पीड़ा उनके लिए बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब राजनीतिक निष्ठा ही प्रताड़ना की वजह बन जाए और लोगों का मनोबल तोड़ने के लिए आपराधिक मामलों का इस्तेमाल किया जाए, तब लोकतंत्र भी प्रभावित होता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।