बंगाल में भ्रष्टाचार पर भाजपा सरकार का वार, हफ्ते भर में 70 से ज्यादा TMC नेताओं की हुई गिरफ्तारी
पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार, वसूली और चुनाव बाद हिंसा के आरोपों में पिछले सात दिनों में 70 से अधिक तृणमूल ...और पढ़ें
-1779611147503_m.webp)
बंगाल में भ्रष्टाचार पर भाजपा सरकार का वार (फाइल फोटो)
HighLights
सात दिनों में 70 से अधिक टीएमसी नेता गिरफ्तार।
पूर्व मंत्री सुजीत बसु भ्रष्टाचार मामले में ईडी की गिरफ्त में।
वसूली, हिंसा, सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में भ्रष्टाचार, वसूली, सरकारी धन में कारगुजारी और चुनाव बाद हिंसा के आरोपों में पिछले सात दिनों के दौरान तृणमूल कांग्रेस के 70 से ज्यादा नेताओं और जनप्रतिनिधियों को गिरफ्तार किया गया है।
इनमें सबसे बड़ा नाम पूर्व मंत्री सुजीत बसु का है, जिन्हें भ्रष्टाचार मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया है। वहीं उनके करीबी कई पार्षदों और नेताओं को पुलिस ने अलग-अलग मामलों में पकड़ा है। केवल शनिवार को ही राज्यभर में 17 तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी हुई।
कोलकाता और विधाननगर में शनिवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कोलकाता नगर निगम के 123 नंबर वार्ड के पार्षद सुदीप पोल्ले और विधाननगर के पार्षद सम्राट बरुआ प्रमुख हैं। सम्राट पर वसूली का आरोप है। इसके अलावा हावड़ा, हुगली, नदिया, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बर्धमान और कूचबिहार में भी तृणमूल नेताओं पर कार्रवाई हुई।
हावड़ा के जगतबल्लभपुर में 2021 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले और तोड़फोड़ के आरोप में ग्राम पंचायत उपप्रधान गुरुपद माझी और उसके भाई राजू माझी को गिरफ्तार किया गया। हुगली में दादपुर के तृणमूल पंचायत सदस्य अलताब हुसैन मलिक को भी चुनाव बाद हिंसा मामले में पकड़ा गया।
भाजपा विधायक की मौजूदगी में पुलिस ने की कार्रवाई
हुगली के कोन्नगर नगरपालिका के पार्षद बाबलू पाल उर्फ खोखन को सरकारी जमीन कब्जाकर पार्टी कार्यालय बनाने, अवैध कारोबार और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। भाजपा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती की मौजूदगी में पुलिस ने कार्रवाई की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही थी।
नदिया के आड़ंगघाटा में तृणमूल नेता रमजान अली मंडल को गिरफ्तार किया गया। स्थानीय लोग उस पर समानांतर प्रशासन चलाने, लोगों को धमकाने और निर्माण कार्य में जबरन अपने सिंडिकेट से सामान खरीदवाने का आरोप लगाते रहे हैं। उसके करीबी प्रदीप सांत्रा को भी गिरफ्तार किया गया है।
हत्या के प्रयास पुलिस के हत्थे चढ़ा दबंग टीएमसी नेता
मुर्शिदाबाद के बड़ंचा में दबंग तृणमूल नेता अबु बक्कर को हत्या के प्रयास और हथियार से हमला करने के आरोप में पकड़ा गया। वह कुली ग्राम पंचायत प्रधान जस्मीन अहमद का पति बताया जा रहा है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया।
पश्चिम बर्धमान के पांडवेश्वर में पंचायत सदस्य शेख कमरुद्दीन को चुनावी आतंक, भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कूचबिहार के दिनहाटा में भाजपा कार्यकर्ता अजय अधिकारी को कथित रूप से पार्टी कार्यालय में ले जाकर मारपीट करने और 50 हजार रुपये की मांग करने के आरोप में पंचायत उपप्रधान भवरंजन बर्मन को गिरफ्तार किया गया।
