बंगालः तृणमूल विधायक सत्यजीत विश्वास हत्याकांड में मुख्य हत्यारोपित अभिजीत पुंढारी गिरफ्तार
Trinamool MLA Satyajit Biswas murder case. बंगाल में तृणमूल विधायक सत्यजीत विश्वास हत्याकांड में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। नदिया जिले के कृष्णगंज में तृणमूल विधायक सत्यजीत विश्वास की गोली मारकर हत्या किए जाने की जांच में जुटी सीआइडी ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसका नाम अभिजीत पुंढारी है। अभिजीत को सोमवार की सुबह पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा अंतर्गत राधामोहनपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से बंदूक भी बरामद की गई है।
प्राथमिक पड़ताल के बाद सीआइडी के एक वरिष्ठ अधिकारी की मानें तो अभिजीत ने ही विधायक सत्यजीत को पीछे से गोली मारी थी। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर और सच्चाई बाहर लाने की कोशिश कर रही है। इसकी गिरफ्तारी के साथ ही विधायक हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। मामले में पुलिस ने भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय समेत चार लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की थी। इसमें मुकुल रॉय को कलकत्ता उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
10 फरवरी को सरस्वती पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल विधायक सत्यजीत की हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। घटना की जांच में जुटी पुलिस ने उसी रात संदेह के आधार पर सुजीत मंडल और कार्तिक मंडल नामक दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया था। मौके से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ था। इसी से गोली मारे जाने की आशंका थी। सुजीत और कार्तिक से गहन पूछताछ के बाद गत 15 फरवरी को कालिदास मंडल और निर्मल घोष नामक दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया था। चारों से पूछताछ में ही मुख्य आरोपित अभिजीत पुंढारी के बारे में पता चला। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश के बाद विधायक हत्याकांड की जांच में उतरी सीआइडी को सोमवार की सुबह अभिजीत के पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में छीपे होने की गुप्त सूचना मिली। सीआइडी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी की और आरोपित को दबोच लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि छह महीने पहले ही विधायक सत्यजीत विश्वास की हत्या की योजना बनाई गई थी। वह नौकरी के बहाने तीन महीने से अभिजीत कोलकाता में रह रहा था। बाद में नदिया जिले में लौट गया। वह कृष्णागंज का ही रहने वाला है। वह लगातार विधायक गतिविधियों पर नजर रख रहा था।