बारुईपुर मुठभेड़ पर सियासत तेज, तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या के आरोपित प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद सियासत गरमा गई है।

तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले केक्षबारुईपुर में 11 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के मामले के आरोपित प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) में मौत के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर तीखी टिप्पणी की है।
महुआ ने पुलिस पर उठाए सवाल
महुआ ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में घटना को लेकर राज्य सरकार और पुलिस पर सवाल उठाते हुए लिखा कि बारुईपुर दुष्कर्म-हत्या मामले का एक आरोपित मुठभेड़ में मारा गया है और पूछा कि राज्य में क्या हो रहा है। उन्होंने बंगाल की तुलना उत्तर प्रदेश 2.0 से करते हुए इसे जंगलराज बताया।
वहीं, पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात आरोपित प्रभास मंडल को घटना के पुनर्निर्माण के लिए सूरजपुर क्षेत्र में ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी से सर्विस राइफल छीनकर हिरासत से भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग भी की।
पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाने का दावा किया
पुलिस का दावा है कि पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान प्रभास मंडल लगातार अपने बयान बदल रहा था और जांच में सहयोग नहीं कर रहा था। इसी कारण उसे घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया जा रहा था।
उधर, मुठभेड़ को लेकर उठ रहे सवालों के बीच प्रशासन ने कहा है कि घटना की नियमानुसार जांच की जाएगी। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है और आवश्यक होने पर मजिस्ट्रेट स्तर की जांच भी कराई जाएगी। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
