खाद्य सुरक्षा नियमों पर महाराष्ट्र सरकार का यू-टर्न, केंद्र और FSSAI के खिलाफ हाई कोर्ट से वापस ली याचिका
महाराष्ट्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा नियमों पर केंद्र और FSSAI के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में दायर अपनी याचिका अचानक वापस ले ली है।
-1795364675043_m.webp)
महाराष्ट्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा याचिका बॉम्बे हाई कोर्ट से वापस ली। (बॉम्बे हाई कोर्ट, फाइल फोटो)
HighLights
महाराष्ट्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा याचिका बॉम्बे हाई कोर्ट से वापस ली।
केंद्र और एफएसएसएआई के खिलाफ दायर की गई थी यह याचिका।
राज्य के अधिकारों में कथित हस्तक्षेप का आरोप लगाया गया था।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। खाद्य सुरक्षा नियमों पर महाराष्ट्र सरकार ने यू-टर्न ले लिया है। उसने खाद्य सुरक्षा नियमों को लागू करने के राज्य के अधिकारों में कथित हस्तक्षेप को लेकर केंद्र और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के खिलाफ बांबे हाई कोर्ट में दायर अपनी याचिका अचानक वापस ले ली है।
राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने अक्टूबर में यह याचिका दायर की थी। मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की खंडपीठ के समक्ष शनिवार को याचिका सुनवाई के लिए आई तो महाधिवक्ता मिलिंद साठे ने अदालत को बताया कि सरकार इसे वापस लेना चाहती है। साठे ने याचिका वापस लेने का कोई कारण नहीं बताया। इसके बाद पीठ ने अनुरोध स्वीकार करते हुए याचिका का निपटारा कर दिया।
राज्य सरकार ने अपनी याचिका में दलील दी थी कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (एफएसएसए) के तहत बनाए गए नियमों का मूल उद्देश्य खाद्य नियमन का विकेंद्रीकरण करना था, लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और एफएसएसएआई के विभिन्न संशोधनों ने धीरे-धीरे विकेंद्रीकृत व्यवस्था को खत्म कर दिया।
याचिका में दावा किया गया था कि एफएसएसएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी और केंद्रीय लाइसेंसिंग प्राधिकरण जैसे पद सृजित कर अपने अधिकारों का गैरकानूनी तरीके से इस्तेमाल किया। अधिनियम के वैधानिक ढांचे में इन पदों का कोई प्रविधान नहीं है।
याचिका में हाई कोर्ट से असंवैधानिक संशोधनों और नियमों को रद करने, मई 2023 के उस आदेश पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया था जिसके तहत राज्य के अधिकारियों को केंद्र से लाइसेंस प्राप्त खाद्य इकाइयों का निरीक्षण करने से रोका गया था।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।