West Bengal: गरीब माता-पिता को पता ही नहीं था कि उनकी बेटी बन गई है आतंकी
Terrorist Ayesha न्यू जेएमबी की महिला विंग की सरगना आयशा बंगाल की रहने वाली है। उसके गरीब माता-पिता का कहना है कि उनको पता ही नहीं था कि उनकी पुत्री आतंकी बन गई है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। Terrorist Ayesha: बांग्लादेश के आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन (जेएमबी) की नई शाखा न्यू जेएमबी की महिला विंग की सरगना की शुक्रवार को ढाका में गिरफ्तारी हुई है। असल में न्यू जेएमबी की महिला विंग की सरगना आयशा जन्नत मोहना बंगाल के हुगली जिले की धनियाखाली की रहने वाली है। परंतु, उसका असली नाम प्रज्ञा देबनाथ है, जो धर्मांतरण कर मुस्लिम बनी और इसके बाद जिहादी। उसके गरीब माता-पिता का कहना है कि उनको पता ही नहीं था कि उनकी पुत्री आतंकी बन गई है। वे लोग अपनी पुत्री को पढ़ा लिखा कर किसी अच्छे मुकाम पर पहुंचाना चाहते थे। मगर वह ऐसा नहीं कर सके।
प्रज्ञा के माता-पिता बेहद गरीब हैं। पिता प्रदीप देबनाथ 100 दिन की मजदूरी कर किसी तरह घर चलाते हैं तथा मां गीता देबनाथ घर-घर साड़ी बेचकर थोड़ा बहुत आय कर लेती हैं। उनका साधारण सा घर है। प्रज्ञा के अलावा उनका एक पुत्र भी है। प्रज्ञा की मां गीता देबनाथ ने बताया कि उनकी ख्वाहिश थी कि दोनों बच्चों को पढ़ा लिखा कर उन्हें अच्छे मुकाम तक पहुंचा सकें। इसलिए उन्होंने काफी गरीबी में रहकर भी बच्चों को लिखाया पढ़ाया। उन्होंने बताया कि भंडारहाटी बी एम हाई स्कूल से उनकी पुत्री प्रज्ञा ने उच्च माध्यमिक पास किया था। इसके बाद वह धनियाखाली कॉलेज में संस्कृत में ऑनर्स देकर भर्ती हुई थी। पहले और दूसरे वर्ष तक पढ़ाई लिखाई ठीक चल रही थी, लेकिन तीसरे साल में वर्ष 2016 में अचानक वह गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। हालांकि बीच में एक बार उसका फोन आया था और उसने बताया कि वह बांग्लादेश में है। उसने इस्लाम धर्म ग्रहण कर लिया है। हालांकि उसकी मां ने प्रज्ञा से काफी अनुरोध किया कि वह लौट आए, लेकिन वह नहीं आई।
इसके बाद गत दिनों पता चला कि वह किसी आतंकी संगठन से जुड़ गई है और गिरफ्तार भी हो गई है। उसकी मां ने कहा कि जैसा उसने कर्म किया है उसका वैसा ही फल मिला है। उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं, मोहल्ले वाले भी विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि इलाके की प्रज्ञा आतंकी बन गई है। वे लोग भी चाहते हैं कि उसे उसकी करनी का फल मिले। बांग्लादेश पुलिस की आतंकी रोधी शाखा (सीटीटीसी) ने शुक्रवार को ढाका के सदरघाट क्षेत्र से प्रज्ञा देबनाथ उर्फ आयशा जन्नत मोहना उर्फ जन्नतुल तसनीम को गिरफ्तार किया है। सीटीटीसी के मुताबिक आयशा न्यू जेएमबी के लिए सदस्यों की ऑनलाइन भर्ती करती थी।