वामो ने प्रचार के लिए सोशल मीडिया को बनया हथियार
- वाट्सएप पर सक्रिय लेफ्ट कंपेन ग्रुप - डिजिटल माध्यम का कारगर इस्तेमाल राज्य ब्यूरो कोलकाता
- वाट्सएप पर सक्रिय लेफ्ट कंपेन ग्रुप
- डिजिटल माध्यम का कारगर इस्तेमाल
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: वैसे तो प्राय: सभी प्रमुख दलों के नेता चुनाव प्रचार के लिए अपने-अपने ढंग से सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और भाजपा की साइबर टीम की सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ गई है। लेकिन अब तक प्रचार के परंपरागत तरीका पर भरोसा करने वाले वामपंथी दल भी अब इसमें पीछे नहीं हैं। इस बार वाममोर्चा ने चुनाव प्रचार के लिए सोशल मीडिया को कारगर हथियार बना लिया है। फेसबुक और ट्विटर आदि डिजिटल प्लेटफार्म पर कामरेड भी सक्रिय हैं। लेकिन राज्य में कुल उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद वाममोर्चा ने उनकी राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी मीडिया को देने के लिए वाट्सएप पर एक विशेष ग्रुप बनाया है। लेफ्ट कंपेन ग्रुप के नाम से बने इस वाट्सएप ग्रुप पर उम्मीदवारों के प्रतिदिन के कार्यक्रम की जानकारी मीडिया को उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर दी गई है। लेफ्ट कंपेन ग्रुप को लेफ्ट मीडिया ग्रुप से भी जोड़ दिया गया है। इस तरह सोशल मीडिया पर वाममोर्चा के उम्मीदवारों की प्रतिदिन की गतिविधियों की जानकारी सबको मिलेगी और वह मीडिया को भी आसानी से उपलब्ध होगी। अब तक किसी दल ने अपने उम्मीदवारों के कार्यक्रम के प्रचार के लिए इस तरह का कारगर डिजिटल मंच तैयार नहीं किया है। डिजिटल मीडिया पर प्रचार के मामले में वाममोर्चा भी अब मुकाबला के लिए तैयार है। हालांकि अन्य दलों के उम्मीदवारों की ओर से व्यक्तिगत तौर पर सोशल मीडिया के जरिए प्रचार किया जा रहा है। लेकिन वाममोर्चा ने अपने उम्मीदवारों के लिए सामूहिक तौर पर डिजिटल प्लेटफार्म का इस्तेमाल किया है।