कुणाल घोष ने भाजपा के खिलाफ TMC, कांग्रेस और वामदलों के संयुक्त मोर्चे की वकालत की, कांग्रेस ने जताई आपत्ति
तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने प्रियरंजन दासमुंशी की जयंती पर भाजपा के खिलाफ टीएमसी, कांग्रेस और वामदलों के संयुक्त मोर्चे की वकालत की।

कुणाल घोष ने की विपक्षी एकजुटता की अपील
HighLights
कुणाल घोष ने भाजपा के खिलाफ टीएमसी, कांग्रेस, वामदलों की एकजुटता का आह्वान किया।
प्रियरंजन दासमुंशी की 81वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में यह प्रस्ताव आया।
कांग्रेस नेताओं ने स्मृति कार्यक्रम को राजनीतिक मंच बनाने पर आपत्ति जताई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता को लेकर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के विधायक और प्रवक्ता कुणाल घोष ने शुक्रवार को दिग्गज कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी की 81वीं जयंती पर उनकी स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस और वामदलों को साथ लेकर भाजपा के खिलाफ एक व्यापक विपक्षी संयुक्त मोर्चा बनाने की वकालत की।
हालांकि, उनके इस प्रस्ताव पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने तत्काल असहमति जताते हुए कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियरंजन दासमुंशी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम को राजनीतिक गठबंधन की चर्चा का मंच नहीं बनाया जाना चाहिए।
मध्य कोलकाता के बीबीडी बाग में पूर्व केंद्रीय मंत्री और बंगाल कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे प्रियरंजन दासमुंशी की पूर्ण आकार की संगमरमर की प्रतिमा का अनावरण किया गया।
उनकी प्रतिमा अनावरण और स्मृति सभा में तृणमूल कांग्रेस से लेकर कांग्रेस और वामदलों के कई वरिष्ठ नेता एक मंच पर नजर आए। इनमें वाममोर्चा के अध्यक्ष विमान बोस, वरिष्ठ तृणमूल नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय, मदन मित्रा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप भट्टाचार्य और पूर्व न्यायाधीश श्यामल कुमार सेन शामिल थे। अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के इन नेताओं ने प्रियरंजन दासमुंशी के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुणाल घोष ने कहा कि सभी विपक्षी दल अलग-अलग चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार और माकपा नेतृत्व भी अकेले लड़ने की बात कह रहे हैं। ऐसे में भाजपा इसका फायदा उठाकर पूरे राजनीतिक मैदान पर कब्जा कर सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में धांधली के जरिए विपक्षी दलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगी। इसलिए भाजपा के खिलाफ तृणमूल, कांग्रेस और वामदलों को एकजुट होकर मुकाबला करना चाहिए।
कांग्रेस ने कहा- स्मृति समारोह को राजनीति से दूर रखें
कुणाल घोष के बयान पर कांग्रेस नेता अमिताभ चक्रवर्ती ने तत्काल आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह कुणाल घोष की निजी राय हो सकती है, लेकिन प्रियरंजन दासमुंशी को समर्पित इस मंच पर राजनीतिक गठबंधन की चर्चा उचित नहीं है।
यह एक ऐसा मंच है, जहां सभी राजनीतिक विचारधाराओं के लोग एक साथ आए हैं। इसे दलगत राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावी गठबंधन और राजनीतिक बातचीत के लिए सभी दलों के अपने कार्यालय हैं।
शोभनदेव ने अपने राजनीतिक जीवन में दासमुंशी के योगदान को किया याद
वहीं, तृणमूल के वरिष्ठ नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने अपने राजनीतिक जीवन में दासमुंशी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धार्थ शंकर राय और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ प्रिय रंजन दासमुंशी भी उन तीन लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने उनके राजनीतिक जीवन को दिशा दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।