विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: कोरबा में छोटी बहन का शव लेकर घर पहुंचे माता-पिता, फंदे पर मिली 10 साल की बेटी

Published: Sat, 21 Nov 2026 10:45 PM (IST)

छोटी बहन की मौत का सदमा न सह पाने पर कोरबा में 10 वर्षीय रूपकुंवर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही दिन में परिवार ने दो बेटियों को खो दिया, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है।

छोटी बहन की मौत से सदमे में थी रूपकुंवर (सांकेतिक तस्वीर)

छोटी बहन की मौत से सदमे में थी रूपकुंवर (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. छोटी बहन की मौत से सदमे में थी रूपकुंवर

  2. माता-पिता को घर में फंदे पर लटकी मिली बेटी

  3. एक ही दिन में परिवार ने खोईं दो बेटियां

डिजिटल डेस्क, कोरबा। ढाई माह की छोटी बहन की मौत का सदमा दस वर्षीय रूपकुंवर सह नहीं सकी। माता-पिता मेडिकल कालेज अस्पताल से मासूम रानी का शव लेकर घर पहुंचे तो बड़ी बेटी कमरे में फंदे पर लटकी मिली।

पास ही साढ़े तीन साल की मंझली बहन रागिनी बैठी थी। एक ही दिन में दो बेटियों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम आमाटिकरा की है।

छोटी बहन की मौत से सदमे में थी रूपकुंवर

ग्राम आमाटिकरा निवासी सुखीराम रोजी-मजदूरी कर पत्नी और तीन बेटियों का पालन-पोषण करता है। परिवार में दस वर्षीय रूपकुंवर, साढ़े तीन वर्षीय रागिनी और ढाई माह की रानी थी। पिछले कुछ दिनों से रानी सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित थी।

स्वजन पहले उसे स्थानीय अस्पताल और फिर पोंड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर गुरुवार रात उसे मेडिकल कालेज अस्पताल कोरबा रेफर किया गया। पूरी रात उपचार के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

मासूम रानी की मौत के बाद पिता ने फोन पर घर में इसकी सूचना दी थी। छोटी बहन से बेहद स्नेह करने वाली रूपकुंवर को भी इसकी भनक लग गई। इधर, दुखी माता-पिता मुक्तांजलि वाहन से रानी का शव लेकर घर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने घर में कदम रखा, उनकी चीख निकल गई।

फंदे से लटका मिला रूपकुंवर का शव 

कमरे में रूपकुंवर फंदे पर लटकी हुई थी। पास ही मंझली बहन रागिनी बैठी थी। स्वजन ने मुक्तांजलि वाहन चालक सुरेश कुमार की मदद से रूपकुंवर को नीचे उतारा और पोंड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की पूछताछ में रूपकुंवर के छोटी बहन से गहरे लगाव की बात सामने आई है।

आशंका जताई जा रही है कि रानी की मौत की खबर से वह गहरे सदमे में आ गई थी। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। एक ही परिवार की दो मासूम बेटियों की मौत से ग्राम आमाटिकरा में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

आवश्यक कार्रवाई के बाद रूपकुंवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। देर शाम तक पोस्टमार्टम नहीं हो पाने से स्वजन शव मिलने की प्रतीक्षा करते रहे। आखिरकार उन्हें बिना शव के ही घर लौटना पड़ा। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस की लिखा-पढ़ी में देरी को पोस्टमार्टम नहीं होने की वजह बताया।

बच्चों के गहरे भावनात्मक सदमे को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

जिला मेडिकल कालेज अस्पताल के मनोरोग विशेषज्ञ अंकित गुप्ता का कहना है कि आमतौर पर किसी आकस्मिक और अप्रिय घटना की खबर मिलने पर मानसिक आघात पहुंचता है। मनोविज्ञान में इसे एक्यूट स्ट्रेस रिएक्शन या शोक से जुड़ी प्रतिक्रिया को एक्यूट ग्रीफ रिएक्शन कहा जाता है।

रिश्तों में गहरे लगाव के कारण ऐसी स्थिति स्वाभाविक है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित रील्स का भी बच्चों पर गहरा असर पड़ रहा है। सात से 12 वर्ष की उम्र में बच्चे मृत्यु को स्थायी घटना समझने लगते हैं, लेकिन भावनात्मक आघात से निपटने की क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं होती।

ऐसे में भय, अकेलापन और असहायता जैसी भावनाएं पैदा हो सकती हैं। बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव, चुप्पी और निराशा को गंभीरता से लेना चाहिए। परिवार का भावनात्मक सहारा और जरूरत पड़ने पर मनोवैज्ञानिक परामर्श जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।