विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता: बड़ाबाजार से नशीले कफ सीरप की तस्करी करती महिला गिरफ्तार, 300 बोतलें जब्त

Published: Sun, 08 Nov 2026 10:50 PM (IST)

रेलवे पुलिस ने बेलघरिया स्टेशन से एक महिला को नशीले कफ सीरप की 300 बोतलों के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

नशीले कफ सिरप की तस्करी करती महिला गिरफ्तार

नशीले कफ सिरप की तस्करी करती महिला गिरफ्तार

HighLights

  1. महिला नशीले कफ सिरप की 300 बोतलों के साथ पकड़ी गई।

  2. खेप बड़ाबाजार से नदिया होते हुए बांग्लादेश जानी थी।

  3. पुलिस संगठित गिरोह और एजेंटों की तलाश कर रही है।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। बड़ाबाजार से प्रतिबंधित कफ सीरप की खेप लेकर नदिया जा रही एक महिला को रेलवे पुलिस ने बेलघरिया स्टेशन से गिरफ्तार किया है। उसके पास से नशीले कफ सीरप की 300 बोतलें बरामद हुई हैं। गिरफ्तार महिला की पहचान नदिया जिले के कृष्णगंज निवासी ममता बीबी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बड़ाबाजार के एक गुप्त ठिकाने से कफ सीरप की खेप लेकर वह गेदे जाने वाली थी। वहां एक रिसीवर को बोतलें सौंपने के बाद इन्हें बांग्लादेश में तस्करी करने की योजना थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ममता बीबी शनिवार को ट्रेन से सियालदह पहुंची थी। वहां से वह बड़ाबाजार गई, जहां उसकी मुलाकात एक एजेंट से हुई। एजेंट उसे इलाके के एक गुप्त ठिकाने पर ले गया। वहां उसे प्रतिबंधित कफ सीरप की 300 बोतलें दी गईं। इन बोतलों को नदिया के गेदे सीमा क्षेत्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उसे सौंपी गई थी।

योजना के अनुसार, रविवार सुबह ममता बोतलों को बस्ते में भरकर बड़ाबाजार से घुमावदार रास्ते से बेलघरिया स्टेशन पहुंची। वहां से उसे गेदे लोकल पकड़कर नदिया जाना था। इसी दौरान नशीले कफ सीरप की तस्करी की सूचना दमदम जीआरपी को मिली। इसके बाद रेलवे पुलिस की टीम ने बेलघरिया स्टेशन पर छापेमारी कर ट्रेन के पहुंचने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी कई बार कर चुकी है तस्करी

पूछताछ में महिला ने बड़ाबाजार के गुप्त ठिकाने के बारे में जानकारी दी है। पुलिस अब उस ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। जांच में पता चला है कि ममता बीबी पहले भी कई बार कोलकाता से नदिया तक नशीले कफ सीरप की खेप पहुंचा चुकी है। पुलिस उससे पूछताछ कर बड़ाबाजार में सक्रिय एजेंट और गेदे में खेप लेने वाले रिसीवर की पहचान करने में जुटी है। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।