कोलकाता के सोनारपुर में पति की पिटाई कर पत्नी से दुष्कर्म का आरोप, एक गिरफ्तार
दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में एक गृहिणी से दुष्कर्म का आरोप लगा है, जहां पति की पिटाई कर पांच युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया।

बंगाल में पति की पिटाई कर पत्नी से दुष्कर्म का आरोप।
HighLights
गृहिणी से दुष्कर्म का आरोप, पति की पिटाई की गई।
सोनारपुर में पांच युवकों ने घटना को अंजाम दिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, चार अन्य की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर थाना क्षेत्र के सुभाषग्राम में एक गृहिणी से दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है। घटना राजपुर-सोनारपुर नगरपालिका के 21 नंबर वार्ड की है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता 30 अक्टूबर को पति के साथ सुभाषग्राम में एक रिश्तेदार के घर आई थी। रात करीब डेढ़ बजे दंपती इलाके के एक अन्य घर की ओर जा रहे थे, तभी पांच युवकों ने उनका पीछा कर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने महिला के पति की पिटाई की। पति को बचाने के लिए महिला ने शोर मचाया तो एक आरोपित ने उसकी गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के मुताबिक, महिला को पास के एक खाली कमरे में ले जाया गया। वहां एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपितों ने उसके हाथ-पैर पकड़ रखे थे। आरोपितों ने दंपती को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता के अनुसार, करीब एक घंटे बाद वह आरोपितों के चंगुल से निकलकर पति के पास पहुंची। दंपती ने रात दूसरे घर में बिताई और शनिवार सुबह सोनारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव है।