विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में सब्जियों की महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, किसानों को मुआवजा देने की मांग

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:16 PM (IST)Updated: Sun, 22 Nov 2026 10:17 PM (IST)

चक्रवात अकवान के कारण बेमौसम बारिश से बंगाल में सब्जियों के दाम बढ़ने और खेती को नुकसान पहुंचने पर कांग्रेस ने कोलकाता में प्रदर्शन किया। 

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष शुभंकर सरकार कोलकाता में अभियान के बाद अपना वक्तव्य रखते हुए -फोटो सौजन्य सोशल मीडिया

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष शुभंकर सरकार कोलकाता में अभियान के बाद अपना वक्तव्य रखते हुए -फोटो सौजन्य सोशल मीडिया

HighLights

  1. चक्रवात अकवान से बेमौसम बारिश ने खेती को नुकसान पहुँचाया।

  2. कोलकाता में कांग्रेस ने सब्जियों की बढ़ती कीमतों पर विरोध जताया।

  3. किसानों को फसल क्षति के लिए मुआवजे की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। चक्रवात अकवान के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश के बाद बंगाल में खेती को नुकसान पहुंचने और सब्जियों के दाम बढ़ने का मुद्दा गरमा गया है। महंगाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को कोलकाता के मानिकतला बाजार और लेक मार्केट के सामने प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में हुए इन कार्यक्रमों में पार्टी के प्रदेश और जिला स्तर के नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बाजार में खाद्य पदार्थों और सब्जियों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन्हें नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।

पार्टी के अनुसार, अकवान से पहले फूलगोभी और पत्तागोभी 20-30 रुपये प्रति पीस मिल रही थी, जो अब करीब 40 रुपये हो गई है। खीरे की कीमत 80 से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो, भिंडी 60 से 80 रुपये और झींगा 80 से 100 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।

बैंगन 100 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं, परवल 80 रुपये और करेला 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। गाजर भी 100 रुपये किलो से कम में नहीं मिल रही है। कांग्रेस ने सरकार से तत्काल कीमतें कम करने के लिए कदम उठाने की मांग की।

दूसरी ओर, एसयूसी ने चक्रवात से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई है। पार्टी के राज्य सचिव चंडीदास भट्टाचार्य ने बयान जारी कर दावा किया कि तीन दिनों की बेमौसम बारिश से पूर्व मेदिनीपुर, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व बर्द्धमान और नदिया समेत कई जिलों में खेतों में खड़ी करीब 70 प्रतिशत पकी धान की फसल बर्बाद हुई है।

उन्होंने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने के साथ अगली फसल के लिए मुफ्त बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।