विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता टेक्नोक्रेट हत्याकांड: रिश्तों की उलझी कहानी सुलझी, फेसबुक पर दूसरी महिलाओं की तस्वीरें लाइक करने पर हुआ था विवाद

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:17 PM (IST)

कोलकाता में सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की हत्या के मामले में लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

कोलकाता टेक्नोक्रेट हत्याकांड रिश्तों की उलझी कहानी

कोलकाता टेक्नोक्रेट हत्याकांड रिश्तों की उलझी कहानी

HighLights

  1. सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की हत्या, लिव-इन पार्टनर आरोपी।

  2. फेसबुक पर दूसरी महिलाओं की तस्वीरें लाइक करने पर विवाद।

  3. आरोपी संचालिका गोद ली हुई बेटी, परिवार की पृष्ठभूमि की जांच।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के गरिया स्थित फरताबाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की हत्या के मामले में जांच के दौरान कई नए पहलू सामने आए हैं। पुलिस का आरोप है कि सार्थक की लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु उसके प्रति बेहद अधिकार जताने वाली प्रवृत्ति रखती थी।

सार्थक के फेसबुक पर दूसरी महिलाओं को फॉलो करने या उनकी तस्वीरें लाइक करने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। जांच में यह भी सामने आया है कि संचालिका मौमिता बसु की जैविक बेटी नहीं है, बल्कि उसे गोद लिया गया था।

जांच अधिकारी अब उसके गोद लेने से जुड़ी परिस्थितियों और परिवार की पृष्ठभूमि की भी पड़ताल कर रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सार्थक और संचालिका के संबंध पिछले कुछ महीनों से तनावपूर्ण चल रहे थे। इंटरनेट मीडिया पर सार्थक की गतिविधियों को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। सार्थक बारासात का रहने वाला था और साल्टलेक के सेक्टर पांच स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था। वह गरिया के फरताबाद इलाके में एक किराये के फ्लैट में संचालिका और उसकी मां मौमिता के साथ रहता था।

शनिवार रात विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला

प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि, शनिवार रात सार्थक और संचालिका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान संचालिका ने धारदार हथियार से सार्थक के कंधे पर वार किया। गंभीर रूप से घायल सार्थक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना का पता रात करीब 1.30 बजे चला, जब संचालिका कथित तौर पर रोते हुए मदद के लिए फ्लैट से बाहर निकली। पड़ोसियों ने कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ सार्थक को पड़ा देखा। संचालिका की गर्दन पर भी खरोंच के निशान मिले थे।

नशे की हालत में होने की भी जांच

पुलिस ने इस मामले में संचालिका को गिरफ्तार किया है, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने अब तक अपराध स्वीकार नहीं किया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय सार्थक या संचालिका में से कोई नशीले पदार्थ के प्रभाव में तो नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पुलिस ने संचालिका की मां मौमिता को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने घटना से जुड़ी कुछ जानकारियां छिपाने की कोशिश की। जांच के तहत संचालिका के दादा-दादी से भी पूछताछ की गई है। पुलिस के मुताबिक, परिवार के कुछ सदस्यों के बयानों में विसंगतियां मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पड़ोसियों ने सुनी थी कहासुनी की आवाज

स्थानीय निवासी सायन पाल ने पुलिस को बताया कि उसने एक महिला की मदद के लिए पुकारने की आवाज सुनी थी। इसके बाद वह फ्लैट पहुंचा, जहां सार्थक खून से लथपथ पड़ा था। उसने संचालिका की गर्दन पर खरोंच के निशान भी देखे और पुलिस को सूचना दी। कुछ अन्य निवासियों ने भी घटना से पहले फ्लैट से तेज आवाज में बहस और शोर सुनने की बात कही है।

एक अन्य पड़ोसी अर्कजीत बसु के अनुसार, सार्थक और संचालिका कुछ समय से इमारत में रह रहे थे, लेकिन उनका आसपास के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं था। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।