कोलकाता के ऐतिहासिक ताला टैंक की पाइपलाइन में बड़ा रिसाव, कई इलाकों में जल संकट की आशंका
कोलकाता के ऐतिहासिक ताला टैंक से जुड़ी पाइपलाइन में बड़े रिसाव के कारण उत्तर और मध्य कोलकाता के कई इलाकों में जल संकट की आशंका बढ़ गई है।

कोलकाता के ताला टैंक की पाइपलाइन में बड़ा रिसाव।
HighLights
टाला टैंक पाइपलाइन में बड़ा रिसाव, जल संकट।
उत्तर, मध्य कोलकाता के आठ इलाकों में आपूर्ति प्रभावित।
रेलवे ट्रैक पर पानी, चक्ररेल परिचालन बाधित।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता के ऐतिहासिक ताला टैंक से जुड़ी शहर की जलापूर्ति पाइपलाइन में सोमवार को बड़ा रिसाव होने से उत्तर और मध्य कोलकाता के कई इलाकों में जल संकट की आशंका पैदा हो गई।
ताला रेलवे ब्रिज के ठीक नीचे रेलवे ट्रैक के पास पानी की बड़ी पाइपलाइन में रिसाव का पता चला। इसके कारण बड़ी मात्रा में पानी बाहर निकलकर आसपास की सड़कों और रेलवे ट्रैक पर फैल गया। जलभराव की स्थिति को देखते हुए ताला इलाके में चक्ररेल (सर्कुलर रेलवे) का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने इस संबंध में सूचना जारी कर बताया कि शहर की जलापूर्ति करने वाली बड़े व्यास की पाइपलाइन में सोमवार को ताला रेलवे ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के ठीक पास भारी रिसाव का पता चला है।
निगम के अनुसार, इस लीकेज की मरम्मत और जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने का काम किया जा रहा है। मरम्मत के दौरान शहर के आठ प्रमुख इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
आठ इलाकों में प्रभावित हो सकती है जलापूर्ति
नगर निगम की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सीआर एवेन्यू, राजाबाजार, पार्क सर्कस, एजेसी बोस रोड, कालेज स्ट्रीट, विधान सरणी, बालीगंज और कसबा इलाके में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इन इलाकों के निवासियों को मरम्मत कार्य पूरा होने तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे ट्रैक तक पहुंचा पानी, चक्ररेल प्रभावित
पाइपलाइन से पानी निकलने के कारण ताला रेलवे ब्रिज के आसपास जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। पानी रेलवे ट्रैक तक पहुंचने से रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। अचानक हुए जलभराव के कारण स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर पानी जमा होने से वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा।
मौके पर पहुंचीं निगम आयुक्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता नगर निगम की आयुक्त स्मिता पांडे मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर मरम्मत कार्य की जानकारी ली। निगम की प्राथमिकता पाइपलाइन के रिसाव को रोकने के साथ प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति व्यवस्था जल्द सामान्य करना है।
ऐतिहासिक ताला टैंक की अहम भूमिका
कोलकाता का ऐतिहासिक ताला टैंक शहर की जलापूर्ति व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे जुड़ी मुख्य पाइपलाइन में रिसाव होने के कारण जलापूर्ति नेटवर्क के कई इलाकों पर असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में मरम्मत कार्य पूरा होने और पानी की आपूर्ति सामान्य होने तक आठ इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने की जरूरत है। निगम ने भरोसा दिलाया है कि पाइपलाइन की मरम्मत और जलापूर्ति बहाली के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।