कोलकाता: तटीय सुरक्षा पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 'सागर सुरक्षा 2026' शुरू, समुद्र में उभरते खतरों पर हो रहा मंथन
कोलकाता में 'सागर सुरक्षा 2026' नामक दो दिवसीय राष्ट्रीय तटीय सुरक्षा सम्मेलन शुरू हुआ, जिसमें विभिन्न एजेंसियों के 100 से अधिक अधिकारी भाग ले रहे हैं।

राष्ट्रीय सम्मेलन सागर सुरक्षा 2026 का शुभारंभ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। समुद्र में उभरते खतरों और भारत की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा के लिए सोमवार को कोलकाता में तटीय सुरक्षा पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ, जिसमें विभिन्न एजेंसियों के 100 से अधिक अधिकारी भाग ले रहे हैं।
कोलकाता में रक्षा प्रवक्ता द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, भारतीय तटरक्षक बल (आइसीजी) द्वारा केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन विभाग के सहयोग से आयोजित ‘सागर सुरक्षा 2026’ सम्मेलन का मुख्य विषय ‘तटीय सुरक्षा के लिए व्यापक दृष्टिकोण: सभी संबंधित पक्षों की भागीदारी और स्थानीय समुदायों की सहभागिता को मजबूत करना’ है।
इस सम्मेलन का उद्घाटन बंगाल के गृह और पर्वतीय मामलों के राज्यमंत्री विशाल लामा ने किया। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय मंत्रालयों, कानून लागू करने वाली एजेंसियों और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
भारतीय तटरक्षक बल के एक अधिकारी ने कहा कि भारत की लंबी समुद्री सीमा, रणनीतिक समुद्री स्थिति और तेजी से बढ़ती समुद्री अर्थव्यवस्था से जुड़े हितों के कारण तटीय सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है।
उन्होंने कहा कि समुद्र में लगातार बदलते खतरों से निपटने के लिए कई एजेंसियों को मिलकर व्यापक, एकीकृत और सक्रिय तरीके से काम करने की जरूरत है।