विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पॉलीग्राफ टेस्ट में संदीप घोष ने झूठ बोला? मुख्य आरोपी संजय रॉय की भी खुल गई पोल; CBI ने खोले राज

Published: Tue, 27 Aug 2024 11:45 PM (IST)

सीबीआई ने सोमवार को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आरजीकेएमसीएच) के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष पर पॉलीग्राफ टेस्ट का ...और पढ़ें

पॉलीग्राफ टेस्ट में संदीप घोष ने झूठ बोला? (Image: ANI)
पॉलीग्राफ टेस्ट में संदीप घोष ने झूठ बोला? (Image: ANI)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म व हत्या के मामले में अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष पॉलीग्राफ टेस्ट में झूठ बोल रहे हैं। सीबीआइ सूत्रों के मुताबिक उस दिन के घटनाक्रम के बारे में वह जो बातें बता रहे हैं, वे ज्यादातर झूठ हैं।

पॉलीग्राफ टेस्ट में इसके संकेत मिले हैं। उनका कई और राउंड में पॉलीग्राफ टेस्ट होगा। बता दें कि इस घटना में गिरफ्तार मुख्य आरोपित संजय राय का भी पॉलीग्राफ टेस्ट में झूठ पकड़ा गया है। वहीं, दूसरी ओर इस मामले में केंद्रीय एजेंसी उत्तर बंगाल के एक चिकित्सक से पूछताछ करना चाहती है, जो घटना के दिन संदीप घोष के साथ थे।

जांचकर्ता कर रहे बड़े दावे

जांचकर्ता दावा कर रहे हैं कि वह शव की बरामदगी से लेकर पोस्टमार्टम और दाह संस्कार तक हर जगह मौजूद थे। जांचकर्ताओं ने कहा कि उन्हें जल्द ही तलब किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो संदीप घोष के साथ आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। हालांकि, घोष का कहना है कि वह चिकित्सक निजी काम से कोलकाता आए थे।

डीएनए व फारेंसिक रिपोर्ट पर एम्स विशेषज्ञों की राय लेगी सीबीआइ:

सीबीआइ इस घटना से जुड़ी डीएनए और फोरेंसिक रिपोर्ट को लेकर एम्स के विशेषज्ञों की सलाह लेगी। अधिकारियों के अनुसार, इन रिपोर्ट से एजेंसी को यह पता लगाने में भी मदद मिलेगी कि क्या संजय राय इकलौता आरोपित था जिसने अपराध किया या अन्य लोग भी इसमें शामिल थे।

पुलिस आयुक्त के नाम पर पंजीकृत किए जाने पर पुलिस ने दी सफाई:

इस घटना में गिरफ्तार मुख्य आरोपित सिविक वालंटियर संजय रॉय की बाइक कोलकाता के पुलिस आयुक्त के नाम पर पंजीकृत किए जाने के मुद्दे पर पुलिस ने सफाई दी है। कोलकाता पुलिस ने कहा है कि पुलिस के उपयोग के लिए वाहनों को पहले आधिकारिक तौर पर पुलिस आयुक्त के नाम पर पंजीकृत किया जाता है। इसके बाद वाहनों को उपयोग के लिए अलग-अलग विभागों को सौंप दिया जाता है।

इस मामले में भी ऐसा ही हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने सिविक वालंटियर की बाइक पहले ही जब्त कर ली थी। सीबीआइ ने जब जांच अपने हाथ में ली तो बाइक उसे सौंप दी गई है। भाजपा की बंगाल इकाई के सह प्रभारी व आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इसे लेकर कई प्रश्न उठाए हैं।

ममता बनर्जी का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मांग की

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर इस घटना में शामिल लोगों को बचाने का आरोप लगाया है और मांग की कि सीबीआइ उनका भी पालीग्राफ परीक्षण कराए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कों इस्तीफा दे देना चाहिए और जांच का सामना करना चाहिए।

वित्तीय अनियमितता मामले में ईडी ने मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज

ईडी ने संदीप घोष और कुछ अन्य के कार्यकाल में आरजी कर अस्पताल में हुई कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत मनी लांड्रिंग का एक मामला दर्ज किया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ईडी ने मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत एक प्राथमिकी के समकक्ष अपनी प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआइआर) दर्ज करने के लिए सीबीआइ की प्राथमिकी का संज्ञान लिया है।

एजेंसी ने अस्पताल से संबंधित बैंकिंग और चिकित्सा खरीद दस्तावेज विभिन्न स्रोतों से जुटाए हैं और वह जल्द ही आरोपितों को पूछताछ और उनके बयान दर्ज करने के लिए समन जारी कर सकती है। ईडी के मामले में आरोपित वही हैं जिनके नाम सीबीआइ की शिकायत में हैं।

यह भी पढ़ें: Nabanna Abhijan Rally: प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस, लाठीचार्ज की बौछार; पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल

यह भी पढ़ें: सुवेंदु ने 4 छात्र कार्यकर्ताओं के लापता होने का लगाया आरोप, पुलिस ने कहा- हत्या के प्रयास मामले में चारों गिरफ्तार