विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता पुलिस का एएसआई गिरफ्तार, महिला सिविक वालंटियर से छेड़छाड़ का आरोप

Published: Tue, 20 Oct 2026 05:00 AM (IST)

कोलकाता में दुर्गापूजा पंडाल के बाहर एक महिला सिविक वालंटियर से छेड़छाड़ के आरोप में कोलकाता पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. कोलकाता पुलिस एएसआई महिला सिविक वालंटियर से छेड़छाड़ में गिरफ्तार।

  2. घटना दक्षिण कोलकाता के सुरुचि संघ दुर्गा पूजा पंडाल में हुई।

  3. न्यू अलीपुर थाने में शिकायत दर्ज, आरोपित पुलिसकर्मी हिरासत में।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता में दुर्गापूजा पंडाल के बाहर एक महिला सिविक वालंटियर से छेड़छाड़ के आरोप में कोलकाता पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआइ) को गिरफ्तार किया गया है।

घटना दक्षिण कोलकाता के प्रसिद्ध सुरुचि संघ दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर शनिवार रात की है। पीड़ित महिला 21 वर्ष की है, जबकि आरोपित पुलिसकर्मी की उम्र 50 वर्ष है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित कोलकाता पुलिस की तीसरी सशस्त्र बटालियन में तैनात है। महिला ने न्यू अलीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

घटना से संबंधित एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें नारंगी रंग की टी-शर्ट पहने दो महिला सिविक वालंटियर कुर्सियों पर बैठी दिखाई दे रही हैं। उनके पीछे खड़ा एक व्यक्ति उनमें से एक महिला को अनुचित तरीके से छूता नजर आ रहा है। दैनिक जागरण ने वीडियो की सत्यता की जांच नहीं की है।

यह भी पढ़ें: बंगाल में बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहली बार रैंप की व्यवस्था, नगर निगम की पहल