विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहली बार रैंप की व्यवस्था, नगर निगम की पहल

Published: Mon, 19 Oct 2026 11:41 PM (IST)

विजयादशमी के बाद सिलीगुड़ी के महानंदा घाट पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा, जिसके लिए नगर निगम ने पहली बार बड़ी प्रतिमाओं हेतु विशेष रैंप की व्यवस्था की है।

दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहली बार रैंप की व्यवस्था।

दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहली बार रैंप की व्यवस्था।

HighLights

  1. सिलीगुड़ी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए रैंप की व्यवस्था।

  2. महानंदा घाट पर बड़ी प्रतिमाओं हेतु विशेष इंतजाम।

  3. सुरक्षित और सुगम विसर्जन सुनिश्चित करने की पहल।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। विजयादशमी के बाद बुधवार सुबह से महानंदा घाट पर देवी प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो जाएगा। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की प्रक्रिया को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से इस बार विशेष व्यवस्था की गई है।

पहली बार महानंदा घाट पर बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए रैंप लगाए गए हैं। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था से बड़ी प्रतिमाओं को आसानी से नदी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

सोमवार को सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा, सिलीगुड़ी नगर निगम के आयुक्त बंदवासी तेजा दीपक समेत अन्य अधिकारियों ने महानंदा घाट पहुंचकर विसर्जन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

WhatsApp Image 2026-10-19 at 23.02.52

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं को पहियों वाले रैंप पर रखकर धीरे-धीरे नदी की ओर ले जाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित स्थान पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए घाट पर जेसीबी भी तैनात किए जाएंगे।

रैंप की व्यवस्था से विसर्जन के दौरान लोगों को नदी में उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और प्रशासन को हालात नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस क्षेत्र में पंजीकृत पूजा कमेटियों की संख्या करीब 836 है। वहीं, छोटे-बड़े मिलाकर शहर में लगभग एक हजार से 12 सौ दुर्गा पूजा आयोजित की जाती हैं। सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से लालमोहन मौलिक निरंजन घाट और पार्वती घाट समेत विभिन्न घाटों पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है। इस बार 24 अक्टूबर तक प्रतिमा विसर्जन की अनुमति दी गई है।

विसर्जन के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस और नगर निगम की ओर से सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी की जाएगी।