बंगाल में चोरी की बाइक से छीना मोबाइल , पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश; 51 मोबाइल जब्त, 3 गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने चोरी की बाइक से मोबाइल छीनकर बांग्लादेश तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। तीन आरोपियों ...और पढ़ें
-1791799652334_m.webp)
चोरी की बाइक से मोबाइल छिनतई करता था गिरोह। (फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
चोरी की बाइक से मोबाइल छिनतई करता था गिरोह।
छीने गए मोबाइल बांग्लादेश में तस्करी किए जाते थे।
पुलिस ने 3 गिरफ्तार कर 51 मोबाइल फोन बरामद किए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता में चोरी की बाइक से मोबाइल छिनतई कर उन्हें बांग्लादेश में तस्करी करने वाले गिरोह का राजफाश हुआ है। बड़ाबाजार थाने की पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर 51 मोबाइल फोन और छिनतई में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य 40 हजार रुपये तक कीमत वाले मोबाइल महज तीन से चार हजार रुपये में बेच देते थे। इसके बाद बिचौलियों के जरिए मोबाइल बांग्लादेश पहुंचाए जाते थे, जहां उन्हें अधिक कीमत पर बेचा जाता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद नसीम और आसिफ अली उर्फ आशु तपसिया और तिलजला इलाके से पुरानी चाबियों की मदद से बाइक चुराते थे। इसके बाद चोरी की बाइक से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर मोबाइल पर बात करने वाले या सड़क किनारे फोन इस्तेमाल करने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही मोबाइल छीनकर तेज गति से फरार हो जाते थे।
वारदात के बाद बाइक को वापस निर्धारित स्थान पर छोड़ देते थे। हाल ही में मुर्शिदाबाद के एक व्यवसायी बड़ाबाजार से सामान खरीदकर ब्रेबोर्न रोड से हावड़ा ब्रिज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नसीम और आसिफ उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 10 मोबाइल बरामद किए गए।
बिचौलियों के जरिए बांग्लादेश भेजते थे मोबाइल
पूछताछ के बाद पुलिस ने बेनियापुकुर स्थित नावेद अनवर उर्फ सागर के ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से 41 और मोबाइल बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, सागर चोरी और छिनतई करने वाले गिरोहों से मोबाइल खरीदकर दूसरे बिचौलियों को सौंपता था।
इसके बाद सीमा पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क के जरिए मोबाइल बांग्लादेश पहुंचाए जाते थे। वहां इन्हें दुकानों में अधिक कीमत पर बेचा जाता था। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और बरामद बाइक के मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
