कोलकाता: फिल्म में हीरो बनाने का झांसा देकर युवक से ठगी, AI से राज चक्रवर्ती की आवाज निकालकर खाते में मंगवाये रुपये
कोलकाता में एक युवक फिल्म में हीरो बनने के सपने में साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने मशहूर ...और पढ़ें
-1793640929083_m.webp)
फिल्म में हीरो बनाने का झांसा देकर युवक से ठगी (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
युवक से फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर ठगी।
राज चक्रवर्ती की आवाज की नकल कर पैसे ऐंठे।
साइबर ठगी में AI तकनीक के उपयोग की आशंका।
जागरण संवाददाता, कोलकाता । फिल्मों में हीरो बनने का सपना एक युवक को महंगा पड़ गया। अभिनय का मौका दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने उससे करीब दो लाख रुपये ठग लिये। आरोप है कि ठगों ने मशहूर फिल्म निर्देशक राज चक्रवर्ती की आवाज की नकल कर युवक से फोन पर बात की।
पुलिस को आशंका है कि इस ठगी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का इस्तेमाल कर निर्देशक की आवाज जैसी नकली आवाज तैयार की गई थी। इस मामले में दक्षिण कोलकाता के बांसद्रोणी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिल्मों में अभिनय करने के इच्छुक युवक को फेसबुक पर एक नामी प्रोडक्शन हाउस के नाम से बनाया गया पेज मिला। उस पेज पर एक ऐतिहासिक किरदार पर आधारित फिल्म बनाने की जानकारी दी गई थी।
युवक ने जब पेज के जरिए संपर्क किया, तो उसे एक मोबाइल नंबर दिया गया और बताया गया कि यह फिल्म के निर्देशक का नंबर है। युवक ने उस नंबर पर फोन किया। दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने खुद को निर्देशक बताते हुए बातचीत शुरू की। युवक को जरा भी शक नहीं हुआ कि वह किसी साइबर ठग के जाल में फंस रहा है।
ठग ने फिल्म में नाम दर्ज कराने यानी एनरोलमेंट के लिए युवक से 30 हजार रुपये मांगे। युवक ने सुमित कुमार नामक व्यक्ति के बैंक खाते में यह रकम भेज दी। अगले दिन कथित निर्देशक ने फोन कर बताया कि फिल्म के लिए उसका प्रोफाइल शूट किया जाएगा।
इसके लिए 92 हजार रुपये जमा करने होंगे। ठगी को असली दिखाने के लिए आरोपितों ने व्हाट्सऐप पर प्रोडक्शन हाउस के नाम से कई फर्जी दस्तावेज और फिल्म में अच्छे किरदार के लिए कथित अनुबंध पत्र भी भेजा।
इसके बाद युवक ने 92 हजार रुपये दो किस्तों में शुभजीत और अजिता नाम के दो लोगों के बैंक खातों में भेज दिये। अगले ही दिन उसे प्रोफाइल शूट के दूसरे चरण के नाम पर फिर 85 हजार रुपये जमा करने को कहा गया।
कथित निर्देशक की बातों पर भरोसा कर युवक ने यह रकम भी शुभजीत के खाते में भेज दी। इसके बाद भी जब उससे लगातार पैसों की मांग की गई, तो उसे संदेह हुआ।
युवक ने परिचितों से बातचीत की, जिसके बाद उसे समझ में आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। उसे शक हुआ कि फोन पर निर्देशक की आवाज में बात करने वाले लोग असल में साइबर ठगी गिरोह के सदस्य थे।
अब पुलिस तीन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की मदद से आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठगी में एआई तकनीक का इस्तेमाल कर आवाज की नकल की गई थी या नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।