कोलकाता: मांग के मुताबिक चंदा नहीं देने पर वकील दंपती से मारपीट, शिकायत दर्ज
कोलकाता के प्रगति मैदान में दुर्गापूजा चंदा विवाद को लेकर एक वकील दंपती के साथ मारपीट और उनके घर में तोड़फोड़ की गई।

वकील दंपती पर चंदा न देने पर हमला हुआ (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
वकील दंपती पर चंदा न देने पर हमला हुआ।
घर में तोड़फोड़, बाइकें क्षतिग्रस्त, दंपती से मारपीट।
प्रगति मैदान थाने में पूजा कमेटी के खिलाफ शिकायत।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। दुर्गापूजा के दौरान मांग के मुताबिक चंदा नहीं देने पर एक वकील दंपती के साथ मारपीट और उनके घर में तोड़फोड़ करने का आरोप है। घटना पूर्व कोलकाता के प्रगति मैदान थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में पीड़ित दंपती ने स्थानीय पूजा कमेटी के सदस्यों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, पूजा कमेटी के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि चंदे को लेकर वकील के साथ उनका कोई विवाद नहीं हुआ था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रगति मैदान इलाके के रहने वाले वकील दंपती ने आरोप लगाया कि सोमवार रात स्थानीय एक पूजा कमेटी के कुछ सदस्य उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया।
आरोप है कि दुर्गापूजा के दौरान कमेटी की ओर से उनसे चंदा मांगा गया था। कमेटी जितनी रकम मांग रही थी, दंपती ने उतनी रकम नहीं दी थी। इसी बात को लेकर काफी दिनों बाद उनके घर पर हमला किया गया।
शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की। घर के सामने खड़ी कई बाइकों को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। जब वकील और उनकी पत्नी ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
घायल दंपती को अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। इसके बाद उन्होंने प्रगति मैदान थाने पहुंचकर पूजा कमेटी के सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
दंपती ने पुलिस को मौखिक रूप से बताया कि उनसे 10 हजार रुपये चंदा मांगा गया था। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वकील और पूजा कमेटी के कुछ सदस्यों के बीच पहले से भी कुछ विवाद चल रहा था।
आरोपितों के एक राजनीतिक दल से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। पुलिस जांच कर रही है कि हमला वास्तव में चंदे को लेकर हुआ या इसके पीछे पुरानी रंजिश कोई वजह है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।