विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: कोलकाता नगर निगम में सावरकर की तस्वीर लगाने पर छिड़ा सियासी संग्राम, तृणमूल और कांग्रेस ने जताया विरोध

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:04 PM (IST)

कोलकाता नगर निगम में विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर लगाए जाने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

कोलकाता नगर निगम में सावरकर की तस्वीर पर सियासी घमासान (फाइल फोटो)

कोलकाता नगर निगम में सावरकर की तस्वीर पर सियासी घमासान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कोलकाता नगर निगम में सावरकर की तस्वीर लगाने पर विवाद।

  2. तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस ने इस कदम का विरोध किया।

  3. भाजपा ने सावरकर के स्वतंत्रता संग्राम योगदान का समर्थन किया।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) में मंगलवार को विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर लगाए जाने पर राजनीतिक विवाद छिड़ गया। पार्षद क्लब की दूसरी मंजिल पर सावरकर समेत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सरदार वल्लभभाई पटेल, महाराणा प्रताप और रानी लक्ष्मीबाई सहित आठ ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की तस्वीरें लगाई गईं।

सावरकर की तस्वीर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीरों के समीप लगाई गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व में प्रमुख ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की तस्वीरें लगाने की घोषणा की थी। इस मुद्दे पर तृणमूल के पूर्व पार्षद वैश्वानर चटर्जी ने सावरकर के बंगाल और निगम से संबंध पर प्रश्न उठाया।

उन्होंने ब्रिटिश शासन के दौरान सावरकर की दया याचिकाओं का उल्लेख करते हुए उनकी तस्वीर लगाए जाने का विरोध किया। हालांकि, उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर लगाए जाने का समर्थन किया।

उन्होंने निगम प्रशासक स्मिता पांडे पर राजनीतिक नेतृत्व को प्रसन्न करने के लिए यह निर्णय लेने का आरोप लगाया। तृणमूल के पूर्व पार्षद निगम आयुक्त को सामूहिक पत्र देने की तैयारी में हैं।

भाजपा ने किया समर्थन

भाजपा विधायक व पूर्व पार्षद सजल घोष ने इसे विपक्ष का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास बताया। उन्होंने सावरकर के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और सेल्युलर जेल में वर्षों के कारावास का उल्लेख किया। साथ ही हो ची मिन्ह, कार्ल मार्क्स और लेनिन के नाम पर सड़कों व स्मारकों के नामकरण को लेकर विपक्ष से प्रश्न किया।

कांग्रेस ने भी जताया विरोध

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने इसे बंगाल की ऐतिहासिक विरासत को सावरकर की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास बताया। उन्होंने कोलकाता बंदरगाह के नाम परिवर्तन को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।