बंगाल में डाक विभाग का राष्ट्रीय डाक सप्ताह शुरू, दुर्गा पूजा की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत पर विशेष कवर जारी
भारतीय डाक विभाग के पश्चिम बंगाल सर्किल ने कोलकाता में राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया, जिसमें दुर्गा पूजा ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोलकाता। विश्व डाक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कोलकाता के टाउन हाल में भारतीय डाक विभाग के पश्चिम बंगाल सर्किल ने राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कोलकाता की दुर्गा पूजा की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत पर विशेष कवर (आवरण) जारी किया गया। साथ ही, स्कूली विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए डाक टिकटों पर आधारित ‘फिलैटली आन द रनवे’ फैशन शो आयोजित किया गया।
डाक विभाग ने इस दौरान आधुनिक तकनीक, डिजिटल बैंकिंग, आधार सेवाओं और त्वरित वितरण व्यवस्था के विस्तार की जानकारी भी दी।
-1791568779438.webp)
आधुनिक सुविधाओं से लैस हुए 5 डाकघर
पश्चिम बंगाल सर्किल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अशोक कुमार और दक्षिण बंगाल क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल रिजु गांगुली की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में डाक सेवाओं को अधिक आधुनिक और जनोन्मुख बनाने पर जोर दिया गया।
अशोक कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि डाक विभाग अब पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ विपणन, लॉजिस्टिक्स और घर तक वितरण जैसी सेवाओं का भी विस्तार कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल सर्किल में 5 नेक्स्ट जेनरेशन (एन-जेन) डाकघर शुरू किए गए हैं। इनमें आधुनिक व्यवस्था और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
जादवपुर विश्वविद्यालय, आइआइटी खड़गपुर और हल्दिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी सहित शैक्षणिक संस्थानों में भी डाकघर स्थापित किए गए हैं।
इसका उद्देश्य युवाओं को डाक विभाग की सेवाओं से जोड़ना और डाक टिकट संग्रह तथा पत्र लेखन के प्रति रुचि बढ़ाना है।
कोलकाता के कांकुड़गाछी डाकघर का आधुनिकीकरण भी किया गया है। इसी तरह 4 से 5 अन्य डाकघरों को आधुनिक बनाने की योजना है।

आयुष्मान कार्ड की होगी घर तक डिलीवरी
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि बंगाल सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के ई-केवाईसी सत्यापन और भौतिक कार्ड की घर तक डिलीवरी की दिशा में काम किया जाएगा।
इसके अलावा, पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के साथ मिलकर किसानों और जमीन मालिकों तक सौर ऊर्जा योजनाओं, उनके लाभ और सब्सिडी से संबंधित मुख्यमंत्री के संदेश पहुंचाने की पहल की जा रही है।
किसानों तक बीज पहुंचाने और बंगाल के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी काम हो रहा है।
अशोक कुमार के अनुसार, पश्चिम बंगाल सर्किल में स्पीड पोस्ट 24 के तहत प्रतिदिन औसतन लगभग 1,000 दस्तावेज और 250 पार्सल बुक किए जा रहे हैं।
आधार नामांकन और अपडेट की सुविधाओं का भी विस्तार
आधार नामांकन और अपडेट की सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। राज्य में लगभग 21,000 डाक सेवक अंतिम छोर तक सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत 12 अक्टूबर को फिलैटली दिवस, 13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन एवं ग्राहक सेवा दिवस, 14 अक्टूबर को डाक एवं पार्सल दिवस और 15 अक्टूबर को प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान युवा पत्र लेखन प्रतियोगिता 2026 की पश्चिम बंगाल सर्किल की विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
